पटना में खुलने जा रहा NFDB का क्षेत्रीय कार्यालय, बिहार में नीली और श्वेत क्रांति को मिलेगी नई गति

Bihar News: पटना में राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड हैदराबाद का क्षेत्रीय कार्यालय खुलने वाला है।

NFDB regional office in Patna
पटना में खुलेगा एनएफडीबी दफ्तर- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार की सियासत और ग्रामीण विकास में मत्स्य पालन और डेयरी क्षेत्र के लिए बड़ी पहल होने जा रही है। जल्द ही पटना में राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड  हैदराबाद का क्षेत्रीय कार्यालय खुलने वाला है। यह निर्णय नई दिल्ली के कृषि भवन में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया।

इस क्षेत्रीय कार्यालय के जरिए बिहार में मछली पालन और डेयरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रारंभिक तौर पर, जब तक कार्यालय के लिए भवन चिह्नित नहीं होता, मीठापुर स्थित मत्स्य भवन से इसका संचालन किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, पीएम मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना और मत्स्य पालन एवं एक्वाकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड जैसी केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव ने राज्य में इन क्षेत्रों की प्रगति का विवरण साझा किया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय अधिकारियों के साथ मछली पालन और डेयरी विकास के लिए विस्तृत विचार-विमर्श किया। इसमें मत्स्य पालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लेखी, संयुक्त सचिव सागर मेहरा, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार और एनएफडीबी के मुख्य कार्यकारी डॉ. विजय कुमार बेहरा शामिल रहे।

इस बैठक में राज्य में चल रही परियोजनाओं की प्रगति, मत्स्य पालन में बुनियादी ढांचे के सुधार और आगामी योजनाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। केंद्रीय और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से बिहार में नीली क्रांति और श्वेत क्रांति को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। पटना में NFDB का क्षेत्रीय कार्यालय खुलने के बाद मत्स्य पालन और डेयरी क्षेत्र में बिहार का विकास अब और तेजी से दिखाई देगा।