सद्भाव यात्रा पर निशांत, सद्भाव के नाम पर 4 मई से बदलेगा सियासी समीकरण?, बिहार में नई बिसात बिछाने की ये है तैयारी

Bihar political tour: 4 मई से शुरू होने वाली निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा महज एक दौरा नहीं, बल्कि सियासी जमीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की एक गंभीर कोशिश मानी जा रही है।...

Nishant Sadbhav Yatra New Political Game in Bihar from May 4
सद्भाव यात्रा पर निशांत- फोटो : social Media

Bihar political tour: बिहार की सियासत में एक नई हलचल ने दस्तक दे दी है, जहां पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे निशांत कुमार अब अवाम के बीच उतरने को तैयार हैं। 4 मई से शुरू होने वाली उनकी सद्भाव यात्रा महज एक दौरा नहीं, बल्कि सियासी जमीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की एक गंभीर कोशिश मानी जा रही है। पश्चिम चंपारण की सरज़मीं से इस सफर का आगाज़ होगा, जो करीब चार महीनों तक सूबे के अलग-अलग जिलों में जारी रहेगा।

इस पूरे कारवां को एक हाईटेक रथ के जरिए अंजाम दिया जाएगा, जो आधुनिक सहूलियतों से लैस होगा। ये रथ सिर्फ एक साधन नहीं, बल्कि सियासी पैगाम पहुंचाने का जरिया बनेगा, जहां से निशांत सीधे आवाम से मुखातिब होंगे। डिजिटल दौर में यह कदम उन्हें युवा और जमीनी दोनों वर्गों से जोड़ने की एक रणनीतिक चाल के तौर पर देखा जा रहा है।

सियासी गलियारों में यह भी चर्चा गर्म है कि इस यात्रा के जरिए जेडीयू अपने सुस्त पड़े संगठन में नई जान फूंकना चाहती है। निशांत का सीधा संवाद कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद करने और पार्टी की जड़ों को फिर से मजबूत करने की कवायद माना जा रहा है। यह पहल संगठन के अंदर नई ऊर्जा और इत्तेहाद पैदा करने की कोशिश के रूप में उभर रही है। इस सफर का एक अहम पहलू यह भी है कि निशांत कुमार हर जिले में आम लोगों से रूबरू होंगे, उनकी मुश्किलात सुनेंगे और हल की बात करेंगे। इससे एक तरफ जहां जन सरोकारों को समझने का मौका मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ भरोसे का रिश्ता कायम करने की कोशिश भी होगी।

‘सद्भाव यात्रा’ के जरिए सर्वधर्म समभाव और भाईचारे का पैगाम देना भी इस मुहिम का अहम हिस्सा है। मौजूदा दौर में जब समाज में फूट डालने वाली ताकतें सक्रिय हैं, ऐसे में यह यात्रा एक सियासी और सामाजिक संदेश देने का जरिया बन सकती है। जेडीयू दफ्तर में हुई अहम बैठक में इस पूरे कार्यक्रम की रणनीति तय की गई, जिसमें पार्टी के आला नेताओं ने हिस्सा लिया। अब 4 मई को दोपहर 1:30 बजे इस सियासी सफर का औपचारिक आगाज़ होगा, जिस पर पूरे बिहार की निगाहें टिकी हैं।