Gen-Z पर JDU का बड़ा दांव! स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बनाया खास प्लान, विरोधियों का होश उड़ाने वाला रोडमैप तैयार

देश भर में जेन-जी को लेकर चल रही बहसों के बीच बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इस वर्ग तक जदयू की पहुंच को मजबूत करने के लिए खास प्लान तैयार करते हुए पार्टी के युवा वर्ग को विशेष टास्क दिया है जो प्रतिद्वंद्वी दलों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है

Nishant
Nishant - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने शुक्रवार को जनता दल (यूनाइटेड) के युवा कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और विकास की कहानी को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जदयू के युवा कार्यकर्ता ही पार्टी का भविष्य हैं और आज की Gen-Z पीढ़ी को वर्ष 2005 से पहले के बिहार की स्थिति और उसके बाद हुए बदलावों से अवगत कराना बेहद जरूरी है।


उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था सहित लगभग हर क्षेत्र की स्थिति बेहद खराब थी। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की नई शुरुआत हुई और अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य विकास की उसी यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।


स्वास्थ्य मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए लालू-राबड़ी शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय काम नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई, बड़े पैमाने पर होने वाले सामाजिक विवाद और दंगों पर नियंत्रण पाया गया तथा विकास की नई नींव रखी गई।


उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए भी पिछले दो दशकों में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गईं, जिससे समाज के सभी वर्गों को विकास का लाभ मिला। उनके अनुसार, पिछले 20 वर्षों से अधिक समय में बिहार ने विकास के नए मानक स्थापित किए हैं।


निशांत ने जदयू के युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर तक युवाओं को पार्टी से जोड़ें और उन्हें राज्य में हुए विकास कार्यों की जानकारी दें। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को यह बताना जरूरी है कि बिहार ने किन परिस्थितियों से निकलकर विकास की राह पकड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से विकसित बिहार के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।