नितिन नवीन का नया पता '9 सुनहरी बाग', अमित शाह और राहुल गांधी होंगे पड़ोसी, टाइप-8 बंगले का सियासी मायने क्या?
नितिन नवीन के इस आवास के बगल में ही 5 सुनहरी बाग रोड पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का निवास है, जबकि कुछ ही दूरी पर 6 कृष्ण मेनन मार्ग पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सरकारी आवास स्थित है।
Nitin Nabin : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नवीन को दिल्ली में सत्ता के केंद्र के बेहद करीब स्थित 9 सुनहरी बाग रोड का आवास आवंटित किया गया है। यह आवास टाइप-8 श्रेणी का बंगला है, जिसे केंद्र सरकार के सबसे उच्च और विशेष श्रेणी के आवासों में गिना जाता है। यह बंगला लगभग 3 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें 5 बेडरूम, स्टडी रूम, विशाल हॉल, डाइनिंग एरिया और सर्वेंट क्वार्टर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
राजनीतिक दृष्टि से यह आवंटन भी खास माना जा रहा है। नितिन नवीन के इस आवास के बगल में ही 5 सुनहरी बाग रोड पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का निवास है, जबकि कुछ ही दूरी पर 6 कृष्ण मेनन मार्ग पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सरकारी आवास स्थित है। सत्ता और विपक्ष के प्रमुख चेहरों के बीच यह भौगोलिक नजदीकी भी सियासी हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
नितिन नवीन के राजनीतिक जीवन पर नजर डालें तो वे बिहार भाजपा के तेज-तर्रार और रणनीतिक नेताओं में शामिल रहे हैं। संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर उनके अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह नियुक्ति भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है, जिसमें संगठनात्मक मजबूती के साथ सामाजिक संतुलन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नितिन नवीन का कायस्थ बिरादरी से होना भी इस रणनीति में अहम माना जा रहा है। खासकर पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों को देखते हुए, जहां कायस्थ समुदाय की सामाजिक और राजनीतिक भूमिका प्रभावशाली मानी जाती है, भाजपा इस वर्ग को साधने की कोशिश में है। माना जा रहा है कि नितिन नवीन के जरिए पार्टी बंगाल सहित पूर्वी भारत में कायस्थ समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
दिल्ली में मिले इस आवास और नई जिम्मेदारी को नितिन नवीन के बढ़ते राजनीतिक कद के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका को और अहम बना सकता है। साथ ही संभव है कि नितिन नवीन को अब राज्यसभा भेजा जाए । वे फ़िलहाल बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। उन्होंने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से 5वीं बार विधायक का चुनाव जीता है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर अब उनके दिल्ली में ज्यादा समय रहने की वजहों से नितिन नवीन के जल्द ही राज्यसभा सदस्य बनाए जाने की चर्चा है।