Bihar Budget Session: विधानसभा पहुंचे नितिन नवीन ने सीएम नीतीश की जमकर की तारीफ, पिता को याद कर हुए भावुक, जानिए क्या कहा?

Bihar Budget Session: नितिन नवीन ने सदन में अपने संबोधन के दौरान सभी सदस्यों को प्रणाम करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2006 के बाद से मुख्यमंत्री ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया है।

नितिन नवीन
विधानसभा में क्या बोले नितिन नवीन - फोटो : reporter

Bihar Budget Session:  भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन के विधानसभा पहुंचने। जहां एनडीए नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। विधानसभा के मुख्य द्वार पर एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान एलजेपी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, आरएलएम विधानमंडल दल के नेता माधव आनंद, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सदन में नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया। जिसके बाद नितिन नवीन सदन को संबोधित दिया। 

सदन में बोले नितिन नवीन 

नितिन नवीन ने सदन में अपने संबोधन के दौरान सभी सदस्यों को प्रणाम करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2006 के बाद से मुख्यमंत्री ने बिहार की छवि को बदलने का काम किया है। वह स्वयं बाहर पढ़ाई के दौरान बिहार की पुरानी छवि देख चुके हैं और आज देशभर में बिहार को मिल रहे सम्मान में राज्य सरकार के कामों की बड़ी भूमिका रही है।

पिता से मिली सीख 

उन्होंने कहा कि राजनीति में आने वाले नए लोगों को जनता के मुद्दों से जुड़ना चाहिए और सदन में बैठकर यह सीखना चाहिए कि किस तरह गरिमा के साथ जनता की आवाज उठाई जाती है। अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद वह राजनीति में आए और उनसे ही सीखा कि जनसेवा से ही सच्ची पहचान बनती है। उनका प्रयास रहेगा कि वे उनकी छवि और आदर्शों को आगे बढ़ाएं और जनता से इस तरह जुड़े रहें कि लोग उन्हें हमेशा सम्मान के साथ याद करें।

बिहार की छवि को करेंगे मजबूत 

नितिन नवीन ने कहा कि सदन में रहकर उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की गरिमा के साथ काम करना सीखा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व से प्रेरणा लेते हुए उन्होंने कहा कि देश में विकास और बिहार में सुशासन की जो छवि बनी है, उसे और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि भले ही उनकी भूमिका बदली हो, लेकिन विधायक के रूप में राज्य के विकास में जहां भी जरूरत होगी, वह सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार की छवि जितनी मजबूत होगी, उतना ही सम्मान यहां के लोगों को मिलेगा। उनका लक्ष्य है कि बिहार देशभर में गर्व और सम्मान का विषय बने और राज्य के लोगों को जोड़ने वाला एक सशक्त केंद्र तैयार हो।

बिहारियों पर जताया भरोसा 

वहीं जदयू नेता विजय चौधरी ने सदन में उन्हें बधाई देते हुए कहा कि नितिन नवीन की उपलब्धि यह साबित करती है कि देशभर में बिहारियों पर भरोसा किया जाता है। उन्होंने कहा कि एनडीए का हिस्सा होने के नाते यह हम सबके लिए गर्व का विषय है। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से न सिर्फ बीजेपी नेतृत्व मजबूत हुआ है, बल्कि बिहार का भी मान बढ़ा है।

सम्राट चौधरी ने बताया ऐतिहासिक दिन 

वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि पहली बार इस सदन का कोई सदस्य इतनी बड़ी राष्ट्रीय पार्टी का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने एक बिहारी को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर बड़ा संदेश दिया है। एनडीए के सभी दलों के विधायकों ने नितिन नवीन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बीजेपी और मजबूत होगी।

45 वर्ष की उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी 

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा कि कम उम्र में राजनीति में आकर महज 45 वर्ष की उम्र में इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलना पूरे बिहार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने उन्हें नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया और कहा कि उनका नाम भी सकारात्मक अर्थ लिए हुए है।

पटना से रंजन की रिपोर्ट