Bihar Cabinet Meeting: सीएम नीतीश की कैबिनेट बैठक टली! कल दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री, सियासी हलचल तेज
Bihar Cabinet Meeting: सीएम नीतीश की कैबिनेट बैठक टल गई है। 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे। इसको लेकर सियासी हलचल तेज है। माना जा रहा है कि 3-4 से दिन सीएम नीतीश इस्तीफा दे सकते हैं।
Bihar Cabinet Meeting: बिहार की राजनीति में हलचल तेज है। गुरुवार को सीएम नीतीश दिल्ली रवाना होंगे। जिसके पहले माना जा रहा था कि सीएम नीतीश आज कैबिनेट बैठक करेंगे। लेकिन ताजा मिली जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश की कैबिनेट बैठक टल गई है। वहीं सीएम नीतीश अब कल दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 10 अप्रैल को राज्यसभा के सदस्य के रुप में शपथ लेंगे।
नए सरकार के गठन की कवायद तेज
11 अप्रैल को पटना वापस लौंटेंगे। बता दें कि, राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद भी शुरु हो गई है। सीएम नीतीश अगर 13 या 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देते हैं तो 20 फरवरी को हुई कैबिनेट बैठक ही उनके कार्यकाल की आखिरी बैठक मानी जाएगी।
मंत्री का बड़ा बयान
दरअसल, सीएम नीतीश के करीबी मंत्री श्रवण कुमार ने कैबिनेट बैठक को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कैबिनेट बैठक को लेकर कहा कि जब जरूरत होती है, तब मुख्यमंत्री बैठक बुलाते हैं। किसी विशेष एजेंडे के अनुसार ही बैठक आयोजित की जाती है। उन्होंने साफ किया कि आज बैठक नहीं होनी है।
सीएम के इस्तीफे पर बड़ा बयान
वहीं सीएम नीतीश के दिल्ली जाने और सीएम पद से इस्तीपा देने को लेकर श्रवण कुमार ने कहा कि, राज्य में आगे भी सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही चलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए सभी वादे नौकरी, रोजगार और महिलाओं को 2 लाख रुपये देने जैसे योजनाओं को पूरे किए जाएंगे।
विधायक दल तय करेगा अगला सीएम कौन
श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका अंतिम निर्णय नीतीश कुमार ही करेंगे। वहीं निशांत कुमार के संभावित मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एनडीए विधायक दल की बैठक में तय होगा। बैठक का एजेंडा क्या होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। नीतीश कुमार के संभावित पद छोड़ने की खबरों पर लोगों के भावुक होने के सवाल पर श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले 20 वर्षों में बिहार को नई दिशा दी है, इसलिए लोगों में भावनात्मक जुड़ाव स्वाभाविक है।
निशांत को सीएम बनाने पर सहमति
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा कि “क्यों नहीं चाहेंगे”, लेकिन अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही होगा। राज्य में जहरीली शराब के मामलों पर मंत्री ने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी जारी है और आगे भी कार्रवाई होगी। उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पटना से रंजन की रिपोर्ट