Bihar News: दहेज दानवों की भेंट चढ़ी एक और बेटी! 4 महीने पहले हुई थी शादी 10 लाख के लिए हत्या, ससुराल वाले फरार
Bihar News: नवादा में दहेज की लालच में एक नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया गया है। बताया जा रहा है कि 4 महीने पहले ही शादी हुई थी और ससुराल वाले 10 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे...
Bihar News: अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी ठीक से नहीं छूटा था और पैरों की बिछिया की खनक भी बरकरार थी, लेकिन लालच की आग ने एक और नवविवाहिता के सपनों को राख कर दिया। नवादा में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी के महज 120 दिनों के भीतर एक विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
नवविवाहिता की हत्या
दरअसल, पूरा मामला नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित जलालपुर गांव का है। जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 22 वर्षीय विनीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
10 लाख की थी डिमांड
बताया जाता है कि विनीता कुमारी, रजौली थाना क्षेत्र के केदुआ गांव निवासी राजेंद्र यादव की इकलौती पुत्री थी। उसका विवाह जलालपुर निवासी दयानंद यादव के पुत्र सोनू कुमार के साथ हुआ था। परिजनों के अनुसार, शादी के समय करीब दो लाख रुपये दहेज दिया गया था। मायके वालों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा 10 लाख रुपये की दहेज की मांग की जा रही थी। मृतका के भाई दीपू कुमार ने बताया कि विनीता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ मारपीट की घटनाएं भी होती थीं।
आत्महत्या का दिया रुप
परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर वे करीब 40 किलोमीटर दूर जलालपुर पहुंचे, लेकिन तब तक विनीता की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले मारपीट कर उसकी हत्या की और बाद में शव को रस्सी से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
ससुराल पक्ष वाले फरार
घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
नवादा से अमन की रिपोर्ट