नीतीश सरकार के फैसले के विरोध में एकजुट हुए सत्ता-विपक्ष के विधायक, विधानसभा में किया भारी विरोध, जोरदार हंगामा

MLA fund
MLA fund - फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Sabha :  बिहार विधानसभा में सोमवार को विधायक निधि फंड बढ़ाने की मांग पर सत्ताधारी दलों के विधायकों ने ही नीतीश सरकर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. सभी सदस्यों ने एक साथ खड़े होकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की. इस दौरान सत्ता और विपक्ष दोनों ओर के विधायक इस मुद्दे पर एकजुट हो गए. सदन में इसे लेकर काफी देर तक नारेबाजी होती रही जिसके बाद पहले मंत्री विजेंद्र यादव और फिर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को आश्वासन देना पड़ा. 


दरअसल, विधायक निधि की मौजूदा राशि को बढ़ाने की मांग से जुड़ा सवाल भाजपा के प्रमोद कुमार ने उठाया. इस पर मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा कि फ़िलहाल राशि बढ़ाने का कोई विचार नहीं है. इस पर एक साथ कई विधायक अपनी जगह पर खड़े हो गए और इसे क्षेत्र के विकास में बाधक बताया. उन्होंने सरकार से तुरंत इस मुद्दे पर गम्भीरता दिखाने और विधायक निधि बढ़ाने की मांग की. इसे लेकर भाजपा एक नीरज बबलू ने भी जोरदार तरीके से निधि बढ़ाने का मुद्दा उठाया. 


मंत्री विजेंद्र यादव ने फिर कहा कि अगर सांसद का फंड बढ़ेगा तो हम यहां भी बढ़ाएंगे. उनके इस जवाब से सत्ता और विपक्ष दोनों ओर के विधायक एक साथ सदन में खड़े होकर हंगामा करने लगे. सरकार की ओर से उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सदस्यों की मांग पर मंत्री गम्भीरता से विचार करेंगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस पर चर्चा की जाएगी. हालांकि उनके इस आश्वासन के बाद भी सदन में काफी देर तक हंगामा होता रहा.