Bihar News: बिहार सरकार के कर्मियों और पुलिस की छुट्टियों पर नीतीश सरकार का बड़ा फैसला, बदल गया पुराना आदेश
बिहार की नीतीश सरकार ने बिहार सरकार के कर्मियों और पुलिस की छुट्टियों को लेकर गुरुवार को एक बड़ा फैसला किया है. इससे 8 मई को जारी आदेश को बदल दिया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग के इस फैसले से लाखों कर्मियों को बड़ी राहत मिली है.
Bihar News: बिहार में पुलिसकर्मियों और असैनिक सेवा के कर्मियों की छुट्टियों को लेकर गुरुवार को एक बड़ा आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया. भारत -पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव के कारण 8 मई को बिहार सरकार ने सभी असैनिक और पुलिस सेवा के कर्मियों के अवकाश पर रोक लगाने का आदेश दिया था. यहां तक कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्णिया में एक बैठक की थी जिसमें राज्य के पुलिस -प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ ही सैन्य सेवा से जुड़े अधिकारी भी शामिल थे. इसमें राज्य के सीमांचल सहित नेपाल सीमा से लगने वाले जिलों में गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा चाक चौबंद करने को लेकर समीक्षा की गई थी. संवेदनशील परिस्थितियों के मद्देनजर वह बैठक बेहद अहम रही.
वहीं अब सामान्य प्रशासन विभाग ने नया आदेश जारी किया है. सरकार के सचिव मो० सोहैल की ओर से जारी पत्र में सभी अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव/सचिव, सभी विभागाध्यक्ष, पुलिस महानिदेशक, सभी प्रमण्डलीय आयुक्त, सभी जिला पदाधिकारी को बिहार सरकार के सभी असैनिक/पुलिस सेवा के कर्मियों के अवकाश के संबंध में आदेश से अवगत कराया गया है. इसमें कहा गया है कि वर्तमान सामान्य परिस्थिति के कारण 8 मई का आदेश वापस लिया जाता है.
इस पत्र के तहत अब असैनिक और पुलिस सेवा के कर्मियों को अवकाश लेने में कोई दिक्कत नहीं है. अब सामान्य नियमों के तहत उन्हें छुट्टी मिलेगी. यह आदेश भारत-पाकिस्तान के बीच स्थिति सामान्य होने के कारण लिया गया है.
