हमें छोड़कर न जाएं...': बख्तियारपुर में नीतीश कुमार के लिए रो पड़े कार्यकर्ता, काफिला रोककर की 2030 तक सीएम रहने की गुहार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब अपने पैतृक क्षेत्र के दौरे पर निकले, तो वहां का नजारा पारिवारिक मिलन जैसा नजर आया। जैसे ही उनका काफिला न्यू बाईपास पर पहुँचा, सैकड़ों की संख्या में मौजूद जेडीयू कार्यकर्ताओं ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया

हमें छोड़कर न जाएं...': बख्तियारपुर में नीतीश कुमार के लिए रो

Patna - बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर में आज उस वक्त एक अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफिला न्यू बाईपास से गुजर रहा था। मुख्यमंत्री गणेश हाई स्कूल का निरीक्षण करने के बाद अथमलगोला की ओर बढ़ रहे थे, तभी बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों ने उनके वाहन को घेर लिया। भीड़ इतनी अधिक थी कि मुख्यमंत्री की गाड़ी की रफ्तार धीमी पड़ गई।

बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत और भावुक अपील 

कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के अभिवादन के लिए सड़क पर बैंड-बाजे और फूल-मालाओं के साथ जोरदार तैयारी कर रखी थी। जैसे ही सीएम की गाड़ी पास पहुंची, कार्यकर्ता भावुक हो गए और उन्होंने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे अपने नेता को और अधिक समय तक मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

'2030 तक सीएम बने रहें नीतीश' के लगे नारे 

इस दौरान सबसे चौंकाने वाली मांग कार्यकर्ताओं की ओर से आई। भावुक समर्थकों ने नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि वे साल 2030 तक मुख्यमंत्री के पद पर बने रहें। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बिहार के विकास के लिए नीतीश कुमार का नेतृत्व अनिवार्य है और उन्हें अभी कम से कम 2030 तक पद नहीं छोड़ना चाहिए।

सुरक्षाकर्मियों को करनी पड़ी कड़ी मशक्कत 

अचानक उमड़ी इस अनियंत्रित भीड़ और भावुक समर्थकों के बीच मुख्यमंत्री की गाड़ी फंसती देख सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सुरक्षा घेरे में तैनात जवान भीड़ को हटाकर रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। गाड़ी के बेहद धीमे होने के बाद, सुरक्षाकर्मियों ने बड़ी मशक्कत से भीड़ को किनारे किया और सीएम के काफिले को सुरक्षित अथमलगोला की ओर रवाना किया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज 

मुख्यमंत्री के प्रति कार्यकर्ताओं के इस जबरदस्त लगाव और 2030 तक पद पर बने रहने की मांग ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। बख्तियारपुर के न्यू बाईपास पर हुई इस घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो क्षेत्र में मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और उनके प्रति कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास को दर्शाते हैं।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट।