बिहार में बड़े बदलाव के संकेत! राज्यसभा की राह पर नीतीश और बेटे निशांत की एंट्री पर विजय चौधरी का चौंकाने वाला बयान

जदयू की बैठक के बाद विजय कुमार चौधरी ने बड़ा खुलासा किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है, वहीं उनके बेटे निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने के भी स्पष्ट संकेत मिले हैं।

बिहार में बड़े बदलाव के संकेत! राज्यसभा की राह पर नीतीश और ब

Patna - जनता दल यूनाइटेड (JDU) की अहम बैठक के बाद बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के भविष्य की योजनाओं को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने खुद राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है, जिसके बाद बिहार की सियासत में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट तेज हो गई है।

चारों सदनों का अनुभव पूरा करने की इच्छा

विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों को अपनी भविष्य की राह के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया:

"मुख्यमंत्री ने कहा है कि उन्होंने पिछले 20 वर्षों से लगातार बिहार की सेवा की है। अब उनकी इच्छा राज्यसभा जाने की है। संसदीय लोकतंत्र के चार सदन होते हैं और राज्यसभा ही एक ऐसा सदन है जिसका अनुभव उनके पास नहीं है।"


बिहार की सेवा और पार्टी नेतृत्व पर जोर

विजय चौधरी ने यह भी साफ किया कि राज्यसभा जाने के बावजूद नीतीश कुमार बिहार और पार्टी से अलग नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन और नेतृत्व एनडीए सरकार और जदयू को मिलता रहेगा। पद भले ही बदल जाए, लेकिन बिहार के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बरकरार रहेगी।

निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री के संकेत

बैठक के बाद पत्रकारों ने जब नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर सवाल पूछा, तो विजय चौधरी ने बेहद सस्पेंस भरा जवाब दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "निशांत जी राजनीति में आएंगे ही... कब तक आएंगे, अब आप इसे आज ही से मान लीजिए।" उनके इस बयान के बाद राज्य में 'विरासत' की राजनीति को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

अगला मुख्यमंत्री कौन?

जब पत्रकारों ने अगले मुख्यमंत्री के चेहरे और भाजपा की भूमिका पर सवाल दागे, तो विजय चौधरी मुस्कुराते हुए अपनी गाड़ी में बैठकर निकल गए। हालांकि, उन्होंने यह जरूर दोहराया कि एनडीए सरकार मजबूती से चलती रहेगी और मुख्यमंत्री का सुझाव व नेतृत्व हमेशा उपलब्ध रहेगा।

Report - Ranjan kumar