नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा ! राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे लोक भवन, सियासी हलचल तेज

आरिफ मोहम्मद खान का कार्यकाल समाप्त होने वाला है और उनकी जगह बिहार के नए राज्यपाल के रूप में पूर्व सैन्य अधिकारी सैयद अता हसनैन की नियुक्ति की गई है।

Nitish Kumar  met Bihar Governor
Nitish Kumar met Bihar Governor- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार की राजनीति में जारी हलचल के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब राज्य की सियासत में बड़े बदलाव की चर्चा तेज है और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर अटकलें लगातार बढ़ रही हैं।


मुख्यमंत्री की यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया है। इसके बाद से ही यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कभी भी हो सकती है। ऐसे में राजभवन जाकर राज्यपाल से उनकी मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।


हालांकि सूत्रों के अनुसार यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट भी मानी जा रही है। दरअसल, आरिफ मोहम्मद खान का कार्यकाल समाप्त होने वाला है और उनकी जगह बिहार के नए राज्यपाल के रूप में पूर्व सैन्य अधिकारी सैयद अता हसनैन की नियुक्ति की गई है। वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल रह चुके हैं और अब जल्द ही बिहार के नए राज्यपाल के रूप में पदभार संभालेंगे। इसी कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से उनके कार्यकाल की समाप्ति से पहले शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई।


दूसरी ओर, मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की संभावना को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अगर वे राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होते हैं तो बिहार में नेतृत्व परिवर्तन तय माना जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।


राज्यपाल से नीतीश कुमार की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब बिहार की सियासत नए मोड़ पर खड़ी नजर आ रही है और सभी की नजरें अब अगले राजनीतिक फैसलों पर टिकी हैं।