Nitish Kumar: शपथ ग्रहण समारोह के दौरान CM की कुर्सी तक पहुंचे नीतीश कुमार, विजय चौधरी और संजय झा ने संभाला मामला, कुछ पल के लिए बढ़ी सियासी हलचल
Nitish Kumar: पटना के गांधी मैदान में आयोजित सम्राट सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।
Nitish Kumar: पटना के गांधी मैदान में आयोजित सम्राट सरकार के भव्य शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुछ पल के लिए मुख्यमंत्री की कुर्सी की ओर बढ़ गए, जिसके बाद मंच पर मौजूद नेताओं में हल्की हलचल मच गई।
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में मंच पर कई बड़े नेता मौजूद थे। मंच पर पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने नेताओं और मंत्रियों का अभिवादन किया। इसके बाद वे मंच के दूसरे हिस्से में गए और जिन नेताओं को शपथ लेनी थी उनसे मुलाकात की।
जब नीतीश कुमार वापस लौट रहे थे, तभी उनकी नजर मंच पर लगी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की कुर्सियों पर पड़ी। बताया जा रहा है कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी की तरफ बढ़ने लगे। इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा तुरंत उनके पास पहुंचे और इशारों में उन्हें आगे चलने का अनुरोध किया।
विजय चौधरी ने नीतीश कुमार को बताया कि उनकी सीट दूसरी तरफ निर्धारित है। कुछ पल के लिए नीतीश कुमार असहज नजर आए, लेकिन बाद में वह अपनी तय सीट पर जाकर बैठ गए। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद कई नेताओं की नजरें नीतीश कुमार की ओर टिक गईं और माहौल में हल्की बेचैनी महसूस की गई।
राजनीतिक हलकों में इस दृश्य को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे सामान्य भ्रम बता रहे हैं, तो कुछ इसे बदलते राजनीतिक दौर और सत्ता परिवर्तन के प्रतीकात्मक संकेत के तौर पर देख रहे हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद थे। ऐसे में मंच पर घटी यह छोटी-सी घटना पूरे आयोजन का सबसे चर्चित पल बन गई। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने नेताओं और मौजूद लोगों का अभिवादन किया, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। नीतीश कुमार जैसे ही मंच के आगे वाले हिस्से की ओर बढ़े, उन्होंने इशारों में किसी से पूछा कि “तिलक क्यों नहीं लगाया है?” उनके इस सवाल के बाद मंच पर मौजूद नेताओं के बीच हल्की मुस्कुराहट और फुसफुसाहट देखने को मिली। इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी तुरंत उनके पास पहुंचे और उन्हें अपने साथ दूसरी ओर ले गए।
इसके बाद नीतीश कुमार मंच पर मौजूद नेताओं से लगातार मिलते नजर आए। उन्होंने डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव के कंधे पर हाथ रखा और कुछ देर बातचीत की। फिर आगे बढ़कर विजय सिन्हा के कंधे पर भी हाथ रखते दिखे। मंच पर यह पूरा दृश्य कैमरों में कैद हो गया और कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
इस दौरान एक भावुक पल भी देखने को मिला, जब नए मंत्री बने निशांत कुमार ने मंच पर अपने पिता नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पिता-पुत्र का यह दृश्य समारोह के सबसे चर्चित और भावनात्मक क्षणों में शामिल रहा।इसके बाद नीतीश कुमार मंच पर लगी कुर्सियों की ओर बढ़े और नेताओं के साथ बैठ गए। हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान उनकी गतिविधियां लगातार लोगों और मीडिया के कैमरों का केंद्र बनी रहीं।