नीतीश ने बेटे निशांत के साथ किया नए आशियाना का निरीक्षण, मुख्यमंत्री आवास से विदा होकर यहां नया ठिकाना

नीतीश कुमार वर्ष 2005 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे और तब से लेकर अब तक लंबे समय तक 1 अन्ने मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में ही रहे, लेकिन अब पता बदल गया है.

7 Circular Road Patna
7 Circular Road Patna - फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड पहुंचे, जहां वे जल्द ही शिफ्ट होने वाले हैं। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्हें यह नया आवास आवंटित किया गया है। अब तक वे मुख्यमंत्री आवास 1 अन्ने मार्ग में रह रहे थे, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद यह आवास वर्तमान मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित हो गया है। 7 सर्कुलर रोड स्थित नए आवास पर पहुंचकर नीतीश कुमार ने वहां चल रहे तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ उनके पुत्र निशांत कुमार और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि आवास में अंतिम चरण का काम चल रहा है और जल्द ही वे यहां स्थायी रूप से रहने लगेंगे।


गौरतलब है कि नीतीश कुमार वर्ष 2005 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने थे और तब से लेकर अब तक लंबे समय तक 1 अन्ने मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में ही निवास करते रहे। हाल ही में बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही यह आवास उन्हें सौंपा गया है।


सुनहरी बाग में आलीशान बंगला

इस बीच, नीतीश कुमार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद के रूप में भी नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। राजधानी दिल्ली में उन्हें सांसदों के लिए निर्धारित सरकारी आवास मिला है। उन्हें सुनहरी बाग में आलीशान बंगला नंबर 9 मिला है। इसके साथ ही उनकी सुरक्षा बढ़ाकर Z प्लस कर दी गई है, जिसमें 58 कमांडो तैनात रहेंगे। टाइप-8 आवास और अभेद्य सुरक्षा के साथ अब दिल्ली में नीतीश कुमार का नया ठिकाना पूरी तरह तैयार है।


58 जांबाज कमांडो तैनात

नीतीश कुमार के चारों तरफ अब 58 जांबाज कमांडो तैनात रहेंगे. यह Z प्लस सिक्योरिटी का ऐसा घेरा है जिसे भेदना नामुमकिन है. इसमें 10 सशस्त्र स्थायी गार्ड उनके आवास पर मुस्तैद रहेंगे, जबकि 6 पीएसओ (PSO) चौबीसों घंटे उनके साये की तरह साथ चलेंगे. इतना ही नहीं, सुरक्षा के लिए 24 जवान हमेशा दो एस्कॉर्ट गाड़ियों में उनके काफिले के साथ राउंड द क्लॉक ड्यूटी पर रहेंगे.

पटना से दिल्ली तक ठिकाना

राजनीतिक हलकों में नीतीश कुमार के नए ठिकानों को लेकर चर्चा तेज है। पटना में 7 सर्कुलर रोड और दिल्ली में सांसद आवास के साथ अब उनके राजनीतिक और निजी जीवन की नई पारी शुरू होने जा रही है।