Bihar News: नीतीश सेतु पर बवाल- पोस्टर फाड़ने के मामले में तीन गिरफ्तार, इन 150 पर FIR
Bihar News: पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उपद्रव और पोस्टर फाड़ने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ...
Bihar News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों गंगा नदी पर बने बहुचर्चित ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के बाद वैशाली जिले में जमकर हंगामा हुआ। इस मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए उपद्रव और पोस्टर फाड़ने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 11 नामजद समेत 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई है।
दरअसल, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का लोकार्पण किया था। उनके कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद दर्जनों की तादाद में युवा और बच्चे राजद का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए। वहां उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर, बैनर और झंडे फाड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग पोस्टर उखाड़ते नजर आए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी ने 11 लोगों को नामजद करते हुए 100-150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रूस्तमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक के मुताबिक, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और बाद में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन जारी है।
गौरतलब है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल पटना को वैशाली से जोड़ने वाला अहम सड़क संपर्क मार्ग है। इसके शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवाजाही आसान होने तथा व्यापारिक गतिविधियों को रफ्तार मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुल समेत 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण किया था। उन्होंने नीतीश कुमार के योगदान के सम्मान में पुल का नामकरण किए जाने की बात भी कही थी।