Bihar News: पटना में गैंगवार! कुख्यात सुनील यादव की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत

Bihar News: राजधानी पटना से गैंगवार की घटना सामने आई है। जानकारी अनुसार दिनदहाड़ बेखौफ अपराधियों ने कुख्यात सुनील यादव की गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पटना में गैंगवार
कुख्यात की गोली मारकर हत्या - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पटना का है। जहां गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। पूरा मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र का है। जहां नौबतपुर के दरियापुर गांव निवासी कुख्यात अपराधी सुनील कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उफरपुरा गांव के पास विकास विहार कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां वह किराये के मकान में रह रहा था।

कुख्यात की हत्या 

जानकारी के अनुसार 36 वर्षीय सुनील यादव हाल ही में जेल से बाहर आया था और अपना ठिकाना बदलकर फुलवारी शरीफ में रहने लगा था। शुक्रवार सुबह बाइक सवार अपराधियों ने घर के बाहर ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने उसके सिर में दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

दिनदहाड़े सिर में मारी गोली 

सुबह गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो सुनील यादव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

कई संगीन मामलों का है आरोपी 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुनील यादव के खिलाफ हत्या, रंगदारी समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि नौबतपुर में विरोधी गिरोह से खतरे के कारण उसने फुलवारी शरीफ में ठिकाना बनाया था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस 

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जेल से बाहर आने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में था और हाल के दिनों में उसका किसी से विवाद तो नहीं हुआ था। थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पटना से सुमित की रिपोर्ट