बिहटा में 'ADRENERGY 2.0' का शंखनाद: NSMCH में 700 मेडिकल छात्र दिखाएंगे दम, खेल और कला का महाकुंभ शुरू

बिहटा के NSMCH में वार्षिक महोत्सव 'ADRENERGY 2.0' का शानदार आगाज हुआ। 12 फरवरी तक चलने वाले इस फेस्ट में 700 मेडिकल छात्र 34 विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

बिहटा में 'ADRENERGY 2.0' का शंखनाद: NSMCH में 700 मेडिकल छा

Patna - नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NSMCH), बिहटा में वार्षिक कॉलेज फेस्ट “ADRENERGY 2.0” का आगाज हो गया है। 05 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महोत्सव में खेल, कला और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समारोह का औपचारिक उद्घाटन संस्थान के प्रबंध निदेशक श्री कृष्ण मुरारी ने फुटबॉल को किक मारकर और टॉर्च रिले के साथ किया।

इस महोत्सव के दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, एथलेटिक्स, नृत्य, गायन और चित्रकला जैसी कुल 34 विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में प्रबंध निदेशक ने लगभग 700 मेडिकल छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।

संस्थान के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) हरिहर दीक्षित ने छात्रों के व्यक्तित्व विकास में पाठ्येतर गतिविधियों (extracurricular activities) की भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनिमेष गुप्ता ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए इसे प्रतिभा प्रदर्शन का एक बड़ा मंच बताया। उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न हाउसों के बीच वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के रोमांचक मुकाबले शुरू हुए, जिसमें शिक्षकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस गरिमामय अवसर पर डीन प्रो. (डॉ.) संजय कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ चिकित्सक भी मौजूद रहे। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसके बाद कैंपस में उत्सव का माहौल और प्रतिस्पर्धा की भावना देखते ही बन रही थी।

Report - sumit kumar