Bihar NTPC Barh:ऊर्जा का महाकाय रिकॉर्ड! NTPC बाढ़ बना देश का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन, उत्पादन में ऐतिहासिक छलांग

Bihar NTPC Barh: एनटीपीसी लिमिटेड की एनटीपीसी बाढ़ परियोजना ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के ऊर्जा मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान और भी सशक्त कर ली है। ...

NTPC Barh Becomes India 2nd Largest Power Station 3300 MW
ऊर्जा का महाकाय रिकॉर्ड! - फोटो : social Media

Bihar NTPC Barh: एनटीपीसी लिमिटेड की एनटीपीसी बाढ़ परियोजना ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के ऊर्जा मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान और भी सशक्त कर ली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस पावर स्टेशन ने रिकॉर्ड 17,574 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिससे यह एनटीपीसी का दूसरा सबसे बड़ा पावर स्टेशन बन गया है।


यह जानकारी सोमवार, 18 मई 2026 को परियोजना परिसर में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में दी गई, जहां परियोजना प्रमुख सी. सत्य रामकृष्ण ने विस्तार से इसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी बाढ़ परियोजना की कुल स्थापित क्षमता 3300 मेगावाट (5×660 मेगावाट) है, जो इसे देश के बड़े ताप विद्युत केंद्रों में शामिल करती है।


स्टेज-I की यूनिट-3 के वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के बाद इस परियोजना की उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दर्ज किया गया 17,574 मिलियन यूनिट उत्पादन अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है, जो इस परियोजना के इतिहास में एक मील का पत्थर माना जा रहा है।


उत्पादन के अलावा भी इस पावर स्टेशन ने कई नए रिकॉर्ड बनाए हैं। 30 दिसंबर 2025 को एक ही दिन में 75.38 मिलियन यूनिट का सर्वाधिक उत्पादन दर्ज किया गया, जबकि 95.18 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर (PLF) इसकी तकनीकी दक्षता को दर्शाता है। इसके अलावा मार्च 2026 में 2,045 मिलियन यूनिट का मासिक रिकॉर्ड उत्पादन भी दर्ज किया गया, जो इसकी स्थिरता और संचालन क्षमता को प्रमाणित करता है।


हरित ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी इस परियोजना ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। परिसर में कुल 3,150 किलोवाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से 2,450 किलोवाट का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 400 MWh क्षमता वाली बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जो भविष्य में ग्रिड स्थिरता को और मजबूत करेगी।


सामाजिक दायित्व के तहत एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा आसपास के क्षेत्रों में कई जनकल्याणकारी योजनाएं भी चलाई जा रही हैं। इनमें बालिका सशक्तिकरण अभियान, उत्कर्ष मेरिट छात्रवृत्ति और मोबाइल मेडिकल वैन जैसी सुविधाएं शामिल हैं, जो स्थानीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।


मीडिया संवाद के दौरान पत्रकारों और एनटीपीसी प्रबंधन के बीच परियोजना की तकनीकी उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और सामाजिक योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रबंधन ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सहयोग परियोजना की पारदर्शिता और प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

रवि शंकर की रिपोर्ट