Bihar News : बाबा साहेब की जयंती पर 'हम' की ओर से पटना में भव्य समारोह का होगा आयोजन, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे उद्घाटन
Bihar News : बाबा साहेब की जयंती को लेकर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया जायेगा. कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी करेंगे......पढ़िए आगे
PATNA : संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 'हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.)' एक विशाल जयंती समारोह का आयोजन करने जा रहा है। यह भव्य कार्यक्रम आगामी 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को राजधानी पटना के ऐतिहासिक श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल (गांधी मैदान) में आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे उद्घाटन
पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस गरिमामयी समारोह का उद्घाटन पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता और मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन उपस्थित रहेंगे। समारोह का समय पूर्वाह्न 11:00 बजे निर्धारित किया गया है, जिसमें राज्य भर से पार्टी कार्यकर्ताओं और बाबा साहेब के अनुयायियों के जुटने की उम्मीद है।
सामाजिक न्याय और संकल्प का दिन
इस समारोह का मुख्य उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्षों, उनके क्रांतिकारी विचारों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान को याद करना है। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और एक समावेशी समाज के निर्माण के अपने संकल्प को दोहराएगी।
तैयारियां जोरों पर
पटना के गांधी मैदान स्थित श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस समारोह को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बाबा साहेब के संवैधानिक संदेश को जन-जन तक पहुँचाएं