बढ़ती महंगाई के खिलाफ विपक्ष का तीखा हमला, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने एनडीए सरकार को घेरा

देश और बिहार में घरेलू जरुरतों की चीजों और पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतो में हो रही वृद्धि को लेकर बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार और केन्द्र की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है....

बढ़ती महंगाई के खिलाफ विपक्ष का तीखा हमला, नेता प्रतिपक्ष ते
बढ़ती महंगाई को लेकर तेजस्वी का एनडीए सरकार पर हमला- फोटो : रंजन कुमार

Patna : देश और राज्य में टमाटर, प्याज और आलू जैसी बुनियादी सब्जियों की कीमतों में हुए बेतहाशा उछाल को लेकर बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की आसमान छूती कीमतों के कारण आम आदमी का बजट पहले ही पूरी तरह चरमरा चुका था और अब दाल, आटा, सब्जी व खाद्य तेल के बढ़े दामों ने जनता को 'त्राहिमाम' करने पर मजबूर कर दिया है।


जमाखोरी और कालाबाजारी के दुष्चक्र में फंसी जनता

विपक्ष ने आरोप लगाया कि देश का आम नागरिक इस समय एनडीए संपोषित जमाखोरी, कालाबाजारी, गरीबी और बेरोजगारी के एक भयानक दुष्चक्र में फंस चुका है। सरकार की प्रशासनिक शिथिलता के कारण बाजार पर से नियंत्रण खत्म हो गया है, जिसका सीधा असर आम लोगों के दैनिक जीवन और उनके घरेलू बजट पर पड़ रहा है।


नीतियों को बताया जनविरोधी, जनता में भारी आक्रोश

सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए तेजस्वी ने इसे 'वोट चोरी' से बनी सरकार करार दिया। तेजस्वी यादव के सोशल मीडिया के हवाले से कहा गया कि एनडीए सरकार की अदूरदर्शी सोच, पूंजीपरस्त नीतियों और लगातार लिए जा रहे जनविरोधी निर्णयों के कारण आज समाज के हर वर्ग और आम जनता में वर्तमान व्यवस्था के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।


संसाधनों की लूट और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

सत्ताधारी दल पर हमला जारी रखते हुए विपक्ष ने कहा कि जहां एक तरफ जनता बुनियादी चीजों के लिए तरस रही है, वहीं दूसरी तरफ एनडीए के नेता सरकारी संसाधनों की लूट, भ्रष्टाचार और चंदा चोरी में व्यस्त और मस्त हैं। जनहित के मुख्य मुद्दों को पूरी तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है और प्रशासनिक जवाबदेही कहीं नजर नहीं आ रही है।


बीजेपी को बताया तमाम समस्याओं की मुख्य जड़

नेता विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को देश की इन तमाम आर्थिक और सामाजिक समस्याओं की मुख्य जड़ बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के नेता बड़बोले और अनैतिक हैं, जो लगातार झूठे वादे और जुमलेबाजी कर देशवासियों को गुमराह कर रहे हैं। यही जुमलेबाजी और नीतिगत विफलताएं आज देशवासियों की परेशानियों का मूल कारण बनी हुई हैं।


रंजन की रिपोर्ट