पालीगंज में रक्षाबंधन के दिन पसरा मातम:तेज रफ्तार बाइक ट्रक में घुसी, 13 साल के उत्कर्ष की मौत, दो PMCH रेफर

पटना के पालीगंज स्थित रामपुर-नगवा मार्ग पर रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई।हादसे में जहानाबाद के 13 वर्षीय उत्कर्ष राज की मौके पर मौत हो गई,जबकि दो अन्य घायल PMCH रेफर

paliganj bike accident rampur nagwa
पालीगंज में तेज रफ्तार बाइक ट्रक में घुसी, 13 साल के उत्कर्ष की मौत- फोटो : Reporter

पटना जिले के पालीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर-नगवा मार्ग पर रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इस भीषण दुर्घटना में बाइक चला रहे 13 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


बाजार से घर लौटते समय हुआ हादसा, मृतक और घायलों की पहचान 

मृतक की पहचान जहानाबाद जिले के मखदुमपुर निवासी रजनीश कुमार के 13 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष राज (उर्फ किशु) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान खीरीमोर थाना क्षेत्र के खनपुरा गांव निवासी रवि कुमार (18 वर्ष) और रौनक राज (15 वर्ष) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक रक्षाबंधन के अवसर पर पालीगंज बाजार आए थे और वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रामपुर-नगवा गांव के पास यह दुर्घटना घटी।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, घायलों को पटना पीएमसीएच रेफर किया गया

 घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और आनन-फानन में पुलिस को सूचना देते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए पालीगंज अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच शुरू

पालीगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है और आगे की आवश्यक क़ानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

ऋषिकेश की रिपोर्ट