सुप्रीम कोर्ट जाएंगे पप्पू यादव, बोले - NEET छात्रा की मौत आत्महत्या नहीं, रसूखदारों की साजिश; डिप्टी सीएम से पूछा— नागेश्वर कॉलोनी वाले 'संजय' कौन?
सांसद पप्पू यादव ने नीट छात्रा की मौत के मामले में फेसबुक लाइव के जरिए सनसनीखेज दावे कर बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है। पप्पू यादव ने इस घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि एक गहरी साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है
Patna - जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और सांसद पप्पू यादव ने NEET छात्रा की मौत के मामले में फेसबुक लाइव के जरिए सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि छात्रा की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश है। पप्पू यादव का आरोप है कि प्रभात मेमोरियल अस्पताल और प्रशासन के कुछ लोगों ने मिलकर उनकी "बेटी" (छात्रा) की हत्या की है। उन्होंने इस मामले में न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाने की घोषणा की है।
फेसबुक लाइव के दौरान पप्पू यादव ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा करते हुए दो बड़े नेताओं की ओर इशारा किया। उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी से बड़ी मांग करते हुए सवाल उठाया कि आखिर वह कौन है जो सम्राट चौधरी जैसे नेताओं को बदनाम करना चाहता है। पप्पू यादव ने बोरिंग रोड के नागेश्वर कॉलोनी स्थित एक 'संजय' नामक नेता का जिक्र किया, जिनका घर खगड़िया में है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उस नेता के ऑफिस के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जाए।
पप्पू यादव ने इस मामले में मनीष रंजन नामक व्यक्ति का नाम लेते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मनीष रंजन को "राजनीतिज्ञों का सप्लायर" और "एपस्टीन (EPSTEIN) का नायक" करार दिया। पप्पू यादव ने सवाल किया कि क्या मनीष रंजन उस नेता के ऑफिस में जाते थे या नहीं। इसके अलावा, उन्होंने एक 'गुप्ता' नामक व्यक्ति की संलिप्तता का भी संकेत दिया, हालांकि उन्होंने सुरक्षा कारणों या रणनीति के तहत उसके नाम का पहला हिस्सा उजागर नहीं किया।
छात्रा के इलाज और अस्पताल की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने दावा किया कि उनके पास पुख्ता सबूत हैं कि डॉक्टरों ने छात्रा को नशे में रखने वाली सुई (इंजेक्शन) दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को होश में नहीं आने दिया गया ताकि सच सामने न आ सके। पप्पू यादव ने मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच हो और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उन सभी चेहरों को बेनकाब किया जाए जो उस ऑफिस और अस्पताल में सक्रिय थे।
पप्पू यादव ने सम्राट चौधरी से इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक छात्रा की मौत का नहीं है, बल्कि इसके पीछे रसूखदार लोगों और सप्लायरों का एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और सबूतों के साथ छेड़छाड़ की गई, तो वह चुप नहीं बैठेंगे और इस लड़ाई को देश की सर्वोच्च अदालत तक लेकर जाएंगे।
रिपोर्ट - नरोत्तम कुमार