पप्पू यादव के मामले की सुनवाई टली, अभी जेल में ही कटेगी रात, पटना सिविल कोर्ट में इस कारण नहीं हुई सुनवाई
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद लोकसभा सांसद पप्पू यादव के मामले पर होने वाली सुनवाई टाल दी गई। पटना सिविल कोर्ट को बुधवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह ई-मेल के जरिए पटना, दानापुर और किशनगंज सिविल कोर्ट को धमकी भेजी गई। मेल में लिखा गया कि ठीक दोपहर 1 बजे कोर्ट परिसर में पांच बम धमाके किए जाएंगे। संदेश के अंत में आपत्तिजनक नारे भी लिखे गए थे।
धमकी मिलते ही एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और किसी को भी अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियां परिसर की सघन जांच में जुटी हैं। इसी कारण पटना सिविल कोर्ट में बुधवार को लोकसभा सांसद पप्पू यादव से जुड़े मामले की सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया।
गौरतलब है कि पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की यह छठी धमकी है। बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद अधिवक्ताओं में नाराजगी देखी गई। कई वकीलों ने पुलिस प्रशासन से सवाल करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई और कहा कि लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
फिलहाल पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और मामले की छानबीन जारी है।