Bihar Crime: दिनदहाड़े युवक को अपराधियों ने मारी गोली, हालत नाजुक, इलाके में अफरा-तफरी
Bihar Crime:आपसी रंजिश ने उस वक्त खतरनाक शक्ल अख्तियार कर ली, जब एक युवक को दिनदहाड़े गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।...
Bihar Crime:आपसी रंजिश ने उस वक्त खतरनाक शक्ल अख्तियार कर ली, जब एक युवक को दिनदहाड़े गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। यह सनसनीखेज वारदात सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पेसरा गांव की है, जहां पुरानी तकरार ने खूनी अंजाम ले लिया। घायल युवक की पहचान 29 वर्षीय धर्मेंद्र यादव, पिता लाली सिंह, के रूप में हुई है। उन्हें आनन-फानन में सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक पूरा मामला एक शादी समारोह में हुए विवाद से जुड़ा है। बताया जाता है कि बीती रात धर्मेंद्र यादव अपने पिता के साथ भोरमा गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। वहीं कुछ युवकों ने उनके पिता के साथ अभद्रता और बदसलूकी शुरू कर दी। जब धर्मेंद्र ने इसका विरोध किया तो माहौल गर्मा गया और कहासुनी बढ़ गई। हालांकि उस वक्त मामला शांत हो गया, लेकिन अंदर ही अंदर रंजिश की चिंगारी सुलगती रही।
घायल धर्मेंद्र के मुताबिक आज सुबह गांव के ही राजू नामक युवक अपने साथियों के साथ उनके घर के पास पहुंचा और अचानक फायरिंग कर दी। एक गोली धर्मेंद्र को जा लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। मुफस्सिल थाना पुलिस अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज करने की तैयारी में है। आरोपित की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं पर गहन तहकीकात की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने का दावा किया जा रहा है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार