मोकामा सीआरपीएफ कैंप में 652 महिला आरक्षियों का दीक्षांत समारोह, देश सेवा और कर्तव्य निष्ठा की ली शपथ

Bihar News : पटना के मोकामा स्थित सीआरपीएफ कैंप में 652 महिला आरक्षियों ने प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद देश सेवा और कर्तव्य निष्ठा की शपथ ली। अब देश के भीतर आंतरिक सुरक्षा की चुनौती से सीधे लोहा लेने के लिए तैयार हो चुकी हैं....

मोकामा सीआरपीएफ कैंप में 652 महिला आरक्षियों का दीक्षांत समा
सीआरपीएफ कैंप में 652 महिला आरक्षियों का दीक्षांत समारोह- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना जिले के मोकामा घाट स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप में ट्रेनिंग पूरी होने के उपरांत एक भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर कुल 652 महिला आरक्षियों ने देश सेवा और अपने कर्तव्य निष्ठा की गरिमामयी शपथ ली।


आईजी निर्मल कुमार आजाद ने किया परेड का निरीक्षण, इंस्पेक्टर ने दिलाई शपथ

इस दीक्षांत समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस महानिरीक्षक (IG) निर्मल कुमार आजाद ने भव्य पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। वहीं, कार्यक्रम की विधिवत अध्यक्षता सीआरपीएफ के पुलिस निरीक्षक राम कुमार ने की। उन्होंने ही ट्रेनिंग पूरी करने वाली सभी जांबाज महिला आरक्षियों को देश की संप्रभुता की रक्षा करने और पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।


आंख पर पट्टी बांधकर एके-47 लोड-अनलोड करने की कला देख लोग हुए अचंभित

ट्रेनिंग के दौरान महिला आरक्षियों को बेहद कठिन और आधुनिक प्रशिक्षण दिया गया है, जिसका उन्होंने समारोह में लाइव प्रदर्शन किया। जांबाज महिला जवानों ने आपदा के समय आने वाली हर मुश्किल बाधा को पार करते हुए विजय प्राप्त करने की कला लोगों के सामने रखी। इस दौरान जब लड़कियों ने अपनी आंखों पर काली पट्टी बांधकर महज कुछ सेकेंडों में एके-47 (AK-47) जैसे घातक हथियार को लोड और अनलोड करके दिखाया, तो वहां मौजूद सभी दर्शक और अधिकारी दंग रह गए।


आतंकवादियों से लोहा लेने के लिए महिला जवानों को मिली 'कमांडो ट्रेनिंग'

मोकामा स्थित सीआरपीएफ कैंप में इन महिला आरक्षियों को आम ट्रेनिंग से अलग विशेष 'कमांडो ट्रेनिंग' दी गई है। इस कठिन प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ये महिला आरक्षी अब देश के भीतर किसी भी प्रकार की आंतरिक सुरक्षा की चुनौती और आतंकवादियों से सीधे लोहा लेने के लिए पूरी तरह सक्षम हो चुकी हैं। जांबाज जवानों ने अपने शौर्य प्रदर्शन से साबित किया कि वे देश की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर मुस्तैद हैं।


रंगारंग कार्यक्रम में 'ऑपरेशन सिंदूर' की जीवंत झांकी ने जीता दिल

शौर्य प्रदर्शन के बाद कैंप में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान महिला आरक्षियों ने एक राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत जीवंत झांकी प्रस्तुत की। इस झांकी के माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने कश्मीर में कायराना गोलीबारी की थी और उसका भारतीय सेना व जवानों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत मुंहतोड़ जवाब देकर दुश्मनों को नेस्तनाबूद किया था। इस देशभक्ति प्रस्तुति ने समारोह में मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।


रविशंकर कुमार की रिपोर्ट