पटना में 'फिल्मी' अंदाज में 50 लाख की डकैती: ताला बदलकर दिनदहाड़े गोदाम किया साफ, नेपाल बॉर्डर के पास दबोचा गया लुटेरा
Patna Godown Theft Case - पटना के छोटी पहाड़ी में 50 लाख की चोरी का खुलासा। चोरों ने दिनदहाड़े 3 पिकअप में भरकर लूटा था गोदाम। मोतिहारी से निहाल गिरफ्तार, सामान बरामद।
Patna - राजधानी पटना के पूर्वी क्षेत्र (पटना सिटी) में चोरों का आतंक चरम पर है। बीते 1 अप्रैल 2026 को अगमकुआँ थानांतर्गत छोटी पहाड़ी स्थित एक बड़े गोदाम में चोरों ने किसी फिल्मी पटकथा की तरह चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर सुबह करीब 2 बजे गोदाम के मुख्य गेट का ताला काटकर अपना ताला लगा दिया। इसके बाद सुबह 10 बजे, जब बाजार में चहल-पहल थी, चोर 3 पिकअप वाहनों के साथ अंदर दाखिल हुए और करीब 50 लाख रुपये का कीमती सामान भरकर फरार हो गए।
एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती थी क्योंकि चोरों ने बड़ी चालाकी से दिन के उजाले में इस घटना को अंजाम दिया था। मानवीय इनपुट और तकनीकी अनुसंधान (CCTV व मोबाइल लोकेशन) के आधार पर पुलिस ने गिरोह का पीछा करना शुरू किया।
पूर्वी चम्पारण के सुगौली में छापेमारी और बरामदगी
पटना पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) के सुगौली थाना क्षेत्र में दबिश दी। वहां से पुलिस ने चोरी का भारी भरकम स्टॉक बरामद किया, जिसे नेपाल भेजने की तैयारी थी। बरामद सामानों में शामिल हैं:
कॉपर वायर: 90 मीटर मल्टी स्ट्रैंड कॉपर वायर के 34 कार्टन।
मोटर: वेस्टन कंपनी के मोटर के 07 कार्टन।
अन्य तार: जूट के बोरों में 21 मल्टीकोर कॉपर तार और 20 बंडल एल्यूमिनियम तार।
कन्वेन्स: चोरी में इस्तेमाल किए गए 3 पिकअप वाहन (बिहार रजिस्ट्रेशन) भी जब्त किए गए हैं।
-
नेपाल डिलीवरी से पहले पकड़ा गया अभियुक्त
पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड चोरी के सामानों को नेपाल में खपाने की फिराक में था। पुलिस ने सुगौली से 27 वर्षीय निहाल कुमार को गिरफ्तार किया है। निहाल और उसके साथी सामानों की डिलीवरी देने ही वाले थे कि पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। बरामद सामान की बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
एसपी परिचय कुमार के अनुसार, इस घटना में निहाल के साथ और भी कई शातिर अपराधी शामिल थे। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है ताकि इस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क का पूरी तरह से खुलासा किया जा सके। फिलहाल, पटना पुलिस इसे अपनी एक बड़ी उपलब्धि मान रही है, जिससे राजधानी में चोरी की बड़ी घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: अनिल, पटना