पटना के बाकरगंज मंडी में दुस्साहस: मोबाइल रिपेयरिंग के विवाद में दुकानदार पर फायरिंग, सरेराह गोली चलाकर अपराधी फरार!
पटना की बाकरगंज मंडी में मोबाइल रिपेयरिंग के विवाद में दुकानदार पर फायरिंग की गई। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
Patna - पटना की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक मंडी बाकरगंज में मोबाइल रिपेयरिंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। एक मोबाइल दुकानदार और छात्र के बीच हुई कहासुनी के बाद अपराधियों ने सरेराह फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरी मंडी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त है।
मोबाइल रिपेयरिंग के विवाद में चली गोली
घटना के संबंध में सेंट्रल एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि विवाद की शुरुआत एक मोबाइल दुकानदार और एक छात्र के बीच मोबाइल रिपेयरिंग को लेकर हुई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि अपराधियों ने हथियार निकाल लिए और दुकानदार को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बीच बाजार हुई इस गोलीबारी से व्यापारियों में भारी रोष है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
गोलीबारी की सूचना मिलते ही राजधानी पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल एसपी, टाउन डीएसपी-1 और पीरबहोर थाने की पुलिस भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस ने बरामद किए खोखे
सेंट्रल एसपी भानु प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। पुलिस मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने इस मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान के लिए दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल बाकरगंज मंडी में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
Report - anil kumar