नवादा में चौकीदार हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने किया वारदात का खुलासा
Bihar Crime : नवादा जिले के चर्चित चौकीदार हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चौकीदार की हत्या पुराने विवाद को लेकर की गई थी। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.....
Nawada : जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने धमौल थाना क्षेत्र के चर्चित चौकीदार जितेंद्र पासवान हत्याकांड के मुख्य आरोपी गौतम उर्फ रामपत यादव को गिरफ्तार कर लिया है। नवादा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिनव धीमान ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता में इस बड़ी कामयाबी की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी बेहद शातिर है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चाकू मारकर की गई थी हत्या
घटनाक्रम की जानकारी देते हुए एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि यह वारदात बीती 10 मई 2026 की रात करीब 8:15 बजे धमौल थाना क्षेत्र में घटित हुई थी। तुर्कबन गांव के निवासी और स्थानीय चौकीदार जितेंद्र पासवान को आरोपी गौतम उर्फ रामपत यादव ने अपने अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल चौकीदार को तुरंत पकरीबरावां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। लेकिन अफसोस, 11 मई की सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
विशेष पुलिस टीम ने की कार्रवाई
चौकीदार की हत्या के इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ पकरीबरावां के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस की इस विशेष टीम ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से पहले ही इस वारदात में शामिल दो अन्य सह-अभियुक्तों को दबोच कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
शेखपुरा से दबोचा गया मुख्य अभियुक्त
मामले के मुख्य आरोपी गौतम उर्फ रामपत यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तकनीकी और मैन्युअल सर्विलांस का सहारा ले रही थी। इसी क्रम में 18 मई 2026 को पुलिस को एक सटीक गुप्त सूचना और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए आरोपी के छिपने के ठिकाने का पता चला। विशेष टीम ने बिना वक्त गंवाए शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी को धर-दबोचा और उसे नवादा ले आई।
पुराने विवाद में रची थी हत्या की साजिश
थाना परिसर में लाकर जब गिरफ्तार अभियुक्त से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चौकीदार जितेंद्र पासवान की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने पुलिस के सामने कबूला कि पुराने विवाद के कारण वह चौकीदार से रंजिश रखता था। बदला लेने की नीयत से वह पिछले दो-तीन दिनों से लगातार चौकीदार की रेकी (निगरानी) कर रहा था और मौका मिलते ही उसने चाकू से हमला कर दिया। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तुर्कबन निवासी आरोपी गौतम उर्फ रामपत यादव को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट