पटना: बाढ़ के जलगोविंद में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, लहूलुहान स्थिति में अस्पताल में भर्ती

पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित जलगोविंद में गंगा किनारे अज्ञात बदमाशों ने रौशन पांडेय नामक युवक को बुलाकर 4-5 गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में युवक का इलाज बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में जारी है। पुलिस जांच में जुटी।

Patna Barh Firing
बाढ़ में गंगा किनारे युवक को बुलाकर मारीं 4-5 गोलियां- फोटो : Reporter

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलगोविंद गांव में गंगा नदी के किनारे अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की पहचान रौशन पांडेय के रूप में हुई है। बेखौफ बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए।


बुलाकर मारीं 4-5 गोलियां, लहूलुहान होकर गिरा युवक

 घायल युवक रौशन पांडेय के अनुसार, दो अज्ञात युवकों ने उसे किसी बहाने से गंगा किनारे बुलाया और अचानक उन पर 4 से 5 राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां लगते ही युवक लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की तेज आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े।


आनन-फानन में अस्पताल में कराया गया भर्ती 

स्थानीय लोगों ने युवक को खून से लथपथ हालत में देखकर तुरंत उसे बाइक पर बैठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल बाढ़ पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा युवक का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


पुलिस जांच में जुटी, हमले का कारण अस्पष्ट 

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाने की पुलिस दलबल के साथ पहले घटनास्थल और फिर अनुमंडल अस्पताल पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, और पुलिस हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्टर