Patna Bikram News: बिक्रम में मिला भागलपुर निवासी शख्स का शव,जेब से बरामद हुआ बालू चालान,एम्स भेजा गया बॉडी

बिक्रम थाना क्षेत्र के आजाद नगर नाले के पास से एक शख्स का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान भागलपुर के सुल्तानगंज निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है।मृतक की जेब से बालू का चालान बरामद हुआ है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा

Patna Bikram youth body found
बिक्रम में मिला भागलपुर निवासी शख्स का शव- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर नाला के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अनहोनी की आशंका जताते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बिक्रम पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।


मृतक की पहचान भागलपुर निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच और तलाशी शुरू की। मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज (कमरगंज) निवासी दिलीप कुमार तिवारी  पिता- पवन तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने तत्काल घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


जेब से बरामद हुआ बालू का चालान, पेशवर एंगल से जांच जारी

तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से एक बालू का चालान भी बरामद हुआ है। इस अहम सुराग के सामने आने के बाद पुलिस दिलीप के पेशे और उसके बिक्रम इलाके में आने के कारणों को जोड़कर मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक बालू व्यवसाय से जुड़ा था या किसी अन्य काम से यहां आया था।


एम्स भेजा गया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मामले की जानकारी देते हुए अपर थानाध्यक्ष बरुण कुमार ने बताया कि फिलहाल मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स (AIIMS) भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट