Patna Fire Safety: दीपावली-छठ को लेकर पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 48 स्थानों पर तैनात रहेंगे दमकल वाहन,आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

Patna Fire Safety: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। ...

Patna Fire Safety:  दीपावली-छठ को लेकर पटना में सुरक्षा के प
दीपावली-छठ को लेकर पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम- फोटो : X

Patna Fire Safety: दीपावली और छठ महापर्व को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने से लेकर अग्निकांड और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने तक के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्था की है। नगर निगम और अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। एक ओर नगर निगम दो पालियों में कचरा उठाव वाहनों का संचालन करेगा, वहीं दूसरी ओर अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए आधुनिक संसाधनों और विशेष टीमों की तैनाती की है।अग्निशमन विभाग के अधिकारी अभिषेक के अनुसार, दीपावली और छठ के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। पटना सिटी, कंकड़बाग, मंदिरी समेत संकरी गलियों वाले क्षेत्रों में 10 स्पेशलाइज्ड वाटर मिस्ट बुलेट तैनात किए जाएंगे। इन छोटे और आधुनिक अग्निशमन वाहनों की मदद से उन गलियों में भी राहत एवं बचाव अभियान चलाना आसान होगा, जहां बड़े दमकल वाहनों का पहुंचना मुश्किल होता है।

नौ अग्निशमन केंद्रों पर 450 से अधिक जवान रहेंगे मुस्तैद

राजधानी में अग्निकांड की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए नौ अग्निशमन केंद्रों पर 450 से अधिक अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पटना शहरी क्षेत्र में लोदीपुर, पटना सिटी, कंकड़बाग, दानापुर, एयरपोर्ट और सचिवालय में छह अग्निशमन केंद्र संचालित हैं। इसके अतिरिक्त पालीगंज, मसौढ़ी और बाढ़ अनुमंडलों में भी आधुनिक अग्निशमन केंद्र स्थापित किए गए हैं।राजधानी के छह शहरी अग्निशमन केंद्रों पर विशेष टीमों को तैनात किया जा रहा है। बड़े अग्निकांड से निपटने के लिए 4,000 लीटर क्षमता वाले वाटर टेंडर और 12,000 लीटर क्षमता वाले वाटर बाउजर की भी व्यवस्था की गई है।

52 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक लैडर बनेगा मददगार

ऊंची इमारतों में आग लगने और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए 52 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक लैडर की व्यवस्था की गई है। इससे ऊपरी मंजिलों तक पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा सकेगा।

अग्निशमन अधिकारी अभिषेक ने बताया कि सभी अग्निशमन अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। अगले चार दिनों तक फायर स्टेशन ऑफिसर स्वयं क्षेत्र में रहकर विशेष अभियान संचालित करेंगे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

48 संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे दमकल वाहन

दीपावली के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए राजधानी के 48 रणनीतिक और संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहनों की प्रतिनियुक्ति की गई है। बहादुरपुर थाना, सुल्तानगंज, गायघाट, दिनकर गोलंबर, डाकबंगला, सगुना मोड़, रामजानकी मंदिर, गोलापर और आईजीआईएमएस समेत विभिन्न स्थानों पर दमकल वाहन 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे।घनी आबादी वाले मोहल्लों, झुग्गी-झोपड़ियों, लकड़ी के टालों और पटाखा बाजारों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है। आम नागरिकों को पंपलेट वितरित कर पटाखे जलाने में सावधानी बरतने और आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

अग्निशमन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली और छठ के दौरान अग्नि दुर्घटना होने पर घबराने के बजाय तत्काल सहायता प्राप्त करें। इसके लिए विभाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।अग्निशमन आपातकालीन संपर्क नंबर: 7485805821/ 9031841732/ 101/112

प्रशासन की कोशिश है कि दीपावली की खुशियां और छठ महापर्व की श्रद्धा किसी दुर्घटना की भेंट न चढ़े। इसके लिए नागरिकों से भी अपील की गई है कि पटाखे खुले स्थानों पर जलाएं, ज्वलनशील पदार्थों से दूरी रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। प्रशासनिक सतर्कता के साथ आम लोगों की जागरूकता ही त्योहारों को सुरक्षित और आनंदमय बना सकती है।

ब्यूरो रिपोर्ट