Patna News:गलियों से गंगा घाटों तक रोशनी का इंतजाम,47 हजार लाइटें लगेंगी, 92 घाटों पर होगा खास इंतजाम

Patna News: दीपावली और छठ महापर्व से पहले राजधानी पटना को जगमग बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियों का पिटारा खोल दिया है।...

Patna CPatna Chhath Preparationshhath Preparations

Patna News: दीपावली और छठ महापर्व से पहले राजधानी पटना को जगमग बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियों का पिटारा खोल दिया है। शहर की गलियों से लेकर सार्वजनिक स्थलों और गंगा घाटों तक रोशनी का इंतजाम करने की कवायद तेज कर दी गई है। पटना नगर निगम ने त्योहारों को देखते हुए बड़े पैमाने पर लाइट लगाने का लक्ष्य तय किया है। दावा है कि इस बार राजधानी की सड़कों और घाटों पर अंधेरे की गुंजाइश कम से कम रहेगी। हालांकि, हर साल त्योहारों से पहले होने वाली ऐसी घोषणाओं के बीच असली सवाल यही है कि रोशनी कागजों और आंकड़ों से निकलकर हर गली-मोहल्ले तक पहुंचती भी है या नहीं।नगर निगम की ओर से शहर के अलग-अलग इलाकों में 3,000 फ्लड और मेटल लाइटों के साथ 17,000 ट्यूब लाइट लगाने की योजना है। इसके अलावा कुल 47 हजार लाइटें लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पहले चरण में अब तक 1,800 लाइटें इंस्टॉल की जा चुकी हैं। गलियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।

50 हाईमास्ट और 2200 स्ट्रीट लाइटें लग चुकीं

नगर निगम के अनुसार, राजधानी में अब तक 50 हाईमास्ट लाइट और 2,200 स्ट्रीट लाइटें लगाई जा चुकी हैं। शेष काम दीपावली और छठ पूजा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।नई तकनीक वाली लाइटों के जरिए घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को रोशन करने की तैयारी है। यानी इस बार छठव्रतियों को अंधेरे में रास्ता तलाशने की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अब निगम के सामने चुनौती सिर्फ लाइट लगाने की नहीं, बल्कि उन्हें चालू हालत में रखने की भी होगी।

92 छठ घाटों पर तैयारी, तीन स्तरीय बैरिकेडिंग

छठ महापर्व को देखते हुए राजधानी के शहरी क्षेत्र में 92 घाट चिह्नित किए गए हैं। इन घाटों पर निर्माण और मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है। बाढ़ से क्षतिग्रस्त सीढ़ियों, संपर्क पथों और घाटों की मरम्मत की जा रही है।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर तीन स्तरीय बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही डबल लेयरिंग और क्रॉस बैरिकेडिंग को मजबूत करने का काम जारी है। अंचलवार नियुक्त अधिकारी गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

82 तालाबों और पोखरों में भी होगी छठ की तैयारी

गंगा घाटों के अलावा 82 स्थायी और अस्थायी तालाबों, पोखरों तथा पार्कों में भी छठ पूजा की व्यवस्था की जा रही है। इससे उन व्रतियों को सुविधा मिलेगी जो गंगा घाटों तक नहीं पहुंच पाते और अपने आसपास के तालाबों या पार्कों में अर्घ्य देते हैं।

आंकड़ों की रोशनी से आगे निकले निगम तो बने बात

पटना को दीपावली और छठ पर सजाना अच्छी पहल है, लेकिन राजधानी की असली खूबसूरती तभी दिखेगी जब हर रास्ता सुरक्षित हो, घाट साफ हों, स्ट्रीट लाइटें जलती रहें और श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं मिलें। 47 हजार लाइटों का लक्ष्य सुनने में शानदार है, मगर जनता को आंकड़ों की नहीं, जमीन पर रोशनी की दरकार है।