Big Breaking: सिक्स लेन के चर्चित राइडर गुलशन कुमार को मारी गोली, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
पटनासिटी के दिदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान चर्चित राइडर गुलशन कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा है।
राजधानी के पटनासिटी इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा घायल युवक को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के गुलमहियाबाग की घटना, पहचान सुनिश्चित
यह खौफनाक वारदात पटनासिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलमहियाबाग इलाके की बताई जा रही है।मृतक युवक की पहचान गुलशन कुमार पिता-अनिल सिंह के सुकुलपुर निवासी के रूप में हुई है। हालांकि, इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के मूल कारणों का खुलासा हो सकेगा।
चर्चित राइडर रह चुका था मृतक गुलशन कुमार
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या का शिकार हुआ युवक गुलशन कुमार एक चर्चित राइडर रह चुका है, जो कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पर स्टंट और राइडिंग किया करता था। चर्चा यह भी है कि कुछ समय पहले ट्रैफिक पुलिस द्वारा राइडर गुलशन के एक वायरल वीडियो के आधार पर उसका चालान भी काटा गया था। फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अपनी तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
पुलिस की जांच जारी, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
घटना को लेकर हालांकि अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह वारदात गुलमहियाबाग में आम के पेड़ के पास घटी है। पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट