Bihar News: पटना सिविल कोर्ट को छठी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, अधिकारियों में मचा हड़कंप, दो दिन पहले भी मिली थी धमकी

Bihar News: पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। दो दिन पहले भी सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है।

पटना सिविल कोर्ट
पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह छठी बार है जब कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है। खास बात यह है कि इससे दो दिन पहले भी इसी तरह की धमकी दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई थी। ताजा धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

छठी बार मिली धमकी 

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। हालांकि फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। अधिकारियों के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है तथा आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है।

न्यायालय परिसर को किया गया खाली 

जानकारी अनुसार पटना सिविल कोर्ट परिसर में बम होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पूरे व्यवहार न्यायालय परिसर को खाली करा दिया है और प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिवक्ताओं के बीच भी नाराजगी देखी गई। सूत्रों के अनुसार, बम होने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं।

पुलिस तलाश में जुटी 

बताया जा रहा है कि यह छठी बार है जब पटना सिविल कोर्ट परिसर में बम होने की सूचना मिली है। इससे पहले भी ईमेल के जरिए धमकी दी गई थी, जो जांच के बाद अफवाह साबित हुई थी। हालांकि इस बार भी प्रशासन किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता और पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सघन जांच कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां परिसर की तलाशी ले रही हैं, लेकिन अभी तक उनके हाथ कोई संदिग्ध वस्तु नहीं लगी है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जांच पूरी होने के बाद ही सामान्य गतिविधियां बहाल की जाएंगी।

पटना से अनिल की रिपोर्ट