Patna Police: CM की सुरक्षा में लापरवाही पड़ी भारी , महिला सिपाही निलंबित, गृह रक्षक पर भी कार्रवाई
Patna Police: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया।..
Patna Police: पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान निर्धारित ड्यूटी स्थल से गायब मिलने के मामले में महिला सिपाही निशा कुमारी और गृह रक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जांच में दोनों अपने तय स्थान पर मौजूद नहीं मिलीं। सुरक्षा जैसे संवेदनशील और अहम दायित्व में इस तरह की लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का चैंबर ऑफ कॉमर्स में कार्यक्रम निर्धारित था। कार्यक्रम को लेकर रूट लाइन पर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। इसके लिए पुलिसकर्मियों के साथ गृह रक्षकों की भी तैनाती की गई थी। इसी सुरक्षा व्यवस्था के तहत महिला कांस्टेबल निशा कुमारी और गृह रक्षक रुचि कुमारी की ड्यूटी बाटा मोड़ के पास लगाई गई थी।
बिना सूचना ड्यूटी से गायब मिलीं
ड्यूटी के दौरान किए गए निरीक्षण में दोनों महिला कर्मी अपने निर्धारित स्थान से नदारद मिलीं। बताया गया कि उन्होंने ड्यूटी स्थल से हटने से पहले अधिकारियों को कोई सूचना भी नहीं दी थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ी ड्यूटी में इस तरह की गैरहाजिरी को गंभीर लापरवाही माना गया।
मामले में महिला कांस्टेबल निशा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं गृह रक्षक रुचि कुमारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पटना डीएम को अलग से प्रतिवेदन भेजा गया है। डीएम स्तर से मामले की समीक्षा के बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ट्रैफिक पोस्ट पर मोबाइल चलाते मिले कर्मी
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही के अलावा बाकरगंज यातायात ट्रैफिक पोस्ट पर ड्यूटी में कोताही बरतने वाले कर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई हुई है। निरीक्षण के दौरान ASI रविंद्र कुमार मंडल, महिला सिपाही गीता कुमारी और गृह रक्षक सूरज कुमार ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन चलाते पाए गए।
ड्यूटी के वक्त मोबाइल इस्तेमाल करने को गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मियों का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही उन्हें सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। विभाग यह जानना चाहता है कि आखिर ड्यूटी के दौरान निर्धारित जिम्मेदारी छोड़कर मोबाइल का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा था।
कारगिल चौक ट्रैफिक पोस्ट पर भी कार्रवाई
कारगिल चौक यातायात पोस्ट पर तैनात कर्मियों के खिलाफ भी ड्यूटी में लापरवाही के मामले में कार्रवाई की गई है। यहां तैनात कर्मियों का भी वेतन रोक दिया गया है। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाही के बाद विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में ड्यूटी के प्रति कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लेकर प्रमुख यातायात पोस्ट तक हुई कार्रवाई से साफ है कि पटना पुलिस और प्रशासन अब ड्यूटी में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपना रहा है। खासकर वीआईपी सुरक्षा में तैनात जवानों के लिए निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद रहना बेहद अहम है।