पटना में पुलिस फेल, अपराधी पास:दोपहर में बंद फ्लैट से 200 ग्राम सोना पार,CCTV में कैद हुई वारदात

राजधानी पटना के न्यू पाटलिपुत्रा कॉलोनी जैसे सुरक्षित माने जाने वाले VIP मोहल्ले में, दिन-दहाड़े इस तरह की वारदात होना न केवल पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगाता है, बल्कि आम नागरिकों के बीच असुरक्षा की भावना को भी बढ़ाता है।

Patna crime daylight robbery
पटना में पुलिस फेल, अपराधी पास- फोटो : news 4 nation

राजधानी में अपराध नियंत्रण के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। सुदूर ग्रामीण इलाकों की बात तो दूर, अब राजधानी पटना भी सुरक्षित नहीं रह गई है। पटना में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें अब रात के अंधेरे का डर नहीं सताता। शहर में ऐसे गिरोह सक्रिय हैं जो दिन के उजाले में बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते हैं और पुलिस को चुनौती देते हुए आराम से निकल जाते हैं।


रात ही नहीं, अब दिन में भी असुरक्षित हैं घर

हालत का तफसरा करे तो राजधानी के कई थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। विगत महज आठ दिनों के भीतर अज्ञात चोरों ने अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है। अपराधियों के दुस्साहस का आलम यह है कि अब वे रात के अंधेरे का इंतजार भी नहीं करते। अज्ञात चोर अब दिनदहाड़े बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। बंद घरों का ताला तोड़कर जिस तरह से चोरी की जा रही है, उसने पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र की पोल खोल दी है। अपराधी दिन के उजाले में वारदात कर पुलिस को 'दिन में ही तारे' दिखा रहे हैं, जबकि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।इतनी बड़ी रिकवरी और अपराधियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों पर न तो पुलिस का नियंत्रण बचा है और न ही प्रशासन का कोई खौफ।


न्यू पाटलिपुत्रा कॉलोनी के VIP मोहल्ले में सेंधमारी

इस क्रम में ताजा मामला पटना के पॉश इलाके न्यू पाटलिपुत्रा कॉलोनी का है, जहाँ पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के रहमान अपार्टमेंट को चोरों ने अपना निशाना बनाया। 9 अप्रैल, गुरुवार की दोपहर चोरों ने फ्लैट नंबर 202 का ताला तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना के समय फ्लैट मालिक चंदन कुमार घर पर नहीं थे। शाम करीब 7:30 बजे जब पड़ोसी ने दरवाजा टूटा देखा, तब चंदन कुमार को फोन पर इसकी सूचना दी गई।


30 लाख के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ

पीड़ित चंदन कुमार ने बताया कि जब वे सूचना मिलने के 15 मिनट बाद घर पहुँचे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी से लगभग 200 ग्राम सोने के गहने (जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी जा रही है) और 15 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। दिन-दहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से इलाके के निवासियों में गहरा डर और आक्रोश व्याप्त है।

CCTV में कैद हुए चोर, पुलिस तफ्तीश में जुटी

अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर के फ्लैट का ताला तोड़कर अंदर घुसने का पूरा दृश्य कैद हो गया है। पीड़ित ने इस संबंध में पाटलिपुत्र थाने में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। सीसीटीवी फुटेज को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और चोरी गए कीमती सामान की बरामदगी की गुहार लगाई गई है। अब देखना यह है कि हाई-प्रोफाइल इलाके में हुई इस वारदात के बाद पुलिस कितनी जल्दी अपराधियों तक पहुँच पाती है।