Patna Police Action: पटना के गर्दनीबाग की युवती से होटल में दुष्कर्म, महिला थाने में मामला दर्ज

बिहार की राजधानी पटना से सनसनीखेज मामलागर्दनीबाग की एक युवती ने इंस्टाग्राम पर बने दोस्त हर्ष राज पर शादी का झांसा देकर बोरिंग रोड के एक होटल में शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

Patna girl accused Instagram friend of sexual harassment
पटना में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती का यौन शोषण, महिला थाने में मामला दर्ज- फोटो : Reporter

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती के बाद एक युवती को हवस का शिकार बनाया गया। गर्दनीबाग इलाके की रहने वाली पीड़िता ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है।


इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, मुलाकातों के बाद बढ़ा भरोसा

पीड़ित युवती ने पुलिस को दिए अपने आवेदन में बताया कि उसकी पहचान आरोपी हर्ष राज (निवासी सकसोहरा, पटना) से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें शुरू हुईं और समय के साथ यह दोस्ती गहरी होती चली गई। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला भी शुरू हो गया। युवती का आरोप है कि इस दौरान हर्ष ने उससे शादी करने का पक्का वादा किया था।


बोरिंग रोड के होटल में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी हर्ष राज ने युवती को श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि वहां आरोपी ने पीड़िता की इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने जल्द ही शादी करने का दिलासा देकर उसे शांत करा दिया और लगातार उसका शोषण करता रहा।


शादी की बात कहने पर मुकरा आरोपी, दी जान से मारने की धमकी

युवती ने आरोप लगाया है कि जब उसने हर्ष राज पर शादी करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया। उसने न सिर्फ शादी करने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि पीड़िता को मुंह खोलने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी की बेरुखी और धमकियों से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।


महिला थाना पुलिस ने दर्ज की FIR, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की हो रही जांच

महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान और आवेदन के आधार पर आरोपी हर्ष राज के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बेहद बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस दोनों के बीच हुई बातचीत के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य (चैट्स, कॉल रिकॉर्ड्स) और होटल के एंट्री डेटा को खंगाल रही है, जिसके आधार पर जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट - रंजीत कुमार