Patna News: मनेर के ट्रक चालक की पंजाब में दर्दनाक मौत, लुधियाना में शटर के नीचे दबने से गया दम
पटना के मनेर (रामपुर तोफिर पंचायत) के हुलासी टोला निवासी जितेंद्र कुमार की पंजाब के लुधियाना में एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वह वहां रहकर ट्रक चलाते थे। घर के बाहर शटर गिरने से वह मलबे में दब गए। शव गांव पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर तोफिर पंचायत के हुलासी टोला गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब पंजाब के लुधियाना में कमा रहे एक ट्रक चालक की हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान हुलासी टोला निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए लुधियाना में रहकर ट्रक चलाने का काम करते थे। उनकी इस असामयिक मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
ट्रक खड़ा करने के दौरान गिरा भारी शटर
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा लुधियाना के ताजपुर पानी टंकी के पास हुआ। जितेंद्र कुमार अपने आवास के बाहर ट्रक को सुरक्षित खड़ा करने के बाद जैसे ही घर से बाहर निकल रहे थे, तभी अचानक एक भारी-भरकम लोहे का शटर उनके ऊपर आ गिरा। शटर के नीचे दबने के कारण जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और दर्द से छटपटाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम
गुरुवार को जब मृतक जितेंद्र कुमार का शव उनके पैतृक गांव हुलासी टोला पहुंचा, तो वहां चीख-पुकार मच गई। अपने घर के कमाऊ सदस्य का बेजान शरीर देखकर पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए मृतका के दरवाजे पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्थानीय लोगों ने बताया कि जितेंद्र कुमार ही अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे और उनकी मेहनत की बदौलत ही घर का चूल्हा जलता था। परदेस में हुए इस अचानक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। ग्रामीणों और परिजनों ने सरकार व प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा और मदद देने की गुहार लगाई है ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ संबल मिल सके।