पटना के VIP इलाके में दुस्साहस:DGP आवास के पास रिटायर्ड डीएसपी के घर से 20 लाख की चोरी
पटना के गर्दनीबाग पुलिस कॉलोनी में बिहार के डीजीपी आवास से सटे रिटायर्ड डीएसपी स्वर्गीय सूर्य नाथ सिंह के बंद घर से चोरों ने करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और नकदी उड़ा लिए।घटना के वक्त परिवार गांव गया हुआ था। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम जांच में जुटे
राजधानी पटना के बेहद सुरक्षित और हाई-प्रोफाइल माने जाने वाले गर्दनीबाग पुलिस कॉलोनी इलाके में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए चोरी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने बिहार के डीजीपी आवास से ठीक सटे एक मकान को निशाना बनाया, जो सेवानिवृत्त डीएसपी स्वर्गीय सूर्य नाथ सिंह का आवास (सी/42) है। इस अति-सुरक्षित क्षेत्र में, जहां कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के घर हैं, वहां हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
परिवार गया था गांव, सूने मकान को देख चोरों ने खंगाली अलमारी और लॉकर
घटना के वक्त स्वर्गीय सूर्य नाथ सिंह के बेटे डॉ. अमिताभ अपने पूरे परिवार के साथ पैतृक गांव लालगंज गए हुए थे। घर को पूरी तरह बंद पाकर चोरों ने इसका फायदा उठाया और कटर व अन्य हथियारों की मदद से अलमारी और लॉकर के ताले तोड़ दिए। शुक्रवार की शाम जब परिवार वापस लौटा, तब वारदात का खुलासा हुआ। रिटायर्ड डीएसपी के छोटे बेटे प्रशांत सिंह शेखर के अनुसार, चोरों ने लॉकर में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब २० लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है।
मौके पर पहुंची गर्दनीबाग पुलिस: सीसीटीवी फुटेज और रेकी की आशंका
वारदात की सूचना मिलते ही गर्दनीबाग थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे घर का मुआयना किया। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि अपराधियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक इस वीआईपी इलाके और बंद पड़े घर की रेकी की थी, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब अपराधियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस कॉलोनी और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एफएसएल (FSL) की टीम ने जुटाए फिंगरप्रिंट, जल्द गिरफ्तारी का दावा
मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की फॉरेंसिक यूनिट को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घर के टूटे हुए तालों, अलमारी और अन्य जगहों से संभावित फिंगरप्रिंट और महत्वपूर्ण तकनीकी साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। गर्दनीबाग के प्रभारी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।