Patna crime: पटना में अपराधियों का तांडव, जमीन कारोबारी पर फायरिंग, एम्स में इलाज जारी

Patna crime: पटना के फुलवारी शरीफ के ईसापुर में दो बाइक पर आए चार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू को गोली मार दी। घायल का पटना एम्स में इलाज चल रहा है।

Patna crime

Patna crime: पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर में गुरुवार देर शाम गोलीबारी की घटना हुई। यहां चार अपराधियों ने जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू (35) को गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल को इलाज के लिए पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।


पुरानी मस्जिद के पास हुई गोलीबारी


मोहम्मद आसिफ शाह ईसापुर के मुर्गिया टोला के रहने वाले हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह घर से निकलकर पुरानी मस्जिद के पास अंडा खाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली पीठ में लगने से आसिफ शाह मौके पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद हमलावर फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए।


एम्स के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज


घटना की जानकारी मिलने के बाद फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कारोबारी को पटना एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कराई।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसका मकसद हमलावरों की पहचान करना और उनकी गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटाना है। एएसपी के मुताबिक, मोहम्मद छोटू को एक गोली लगी है। फिलहाल गोलीबारी की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जमीन के कारोबार से जुड़ी किसी पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


घटना के बाद इलाके में दहशत


ईसापुर में हुई इस गोलीबारी के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पटना से अनिल की रिपोर्ट