बहन की डोली उठने से पहले उठी भाई की अर्थी: दिल्ली से शादी में शामिल होने आए युवक की ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या
पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।हत्या की घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन और मोहल्ले वासी सड़क पर उतर आए। तकियापर गांधी मूर्ति के समीप सड़क पर शव रख कर दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया
बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अपनी बहन की 1 अप्रैल को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से घर आए युवक बिट्टू उर्फ पालकियां की अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर दी। बिट्टू महज तीन दिन पहले ही अपने घर लौटा था, लेकिन गुरुवार की देर रात हुई इस वारदात ने परिवार की तमाम खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया है।मृतक का अपराधिक इतिहास रहा है, पूर्व में वह जेल जा चुका है। इस मामले में परिजन साफ तौर पर कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे है।
सरेआम ईंट-पत्थरों से किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात दानापुर थाना क्षेत्र के तकियापर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई। एक दर्जन से ज्यादा अपराधियों ने घेराबंदी कर बिट्टू पर ईंट, पत्थर, लाठी-डंडों और लोहे के सरियों से हमला बोल दिया। सरेआम हुई इस हिंसक घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिसिया जांच और एफएसएल की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अब आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया है।
इंसाफ की गुहार और पसरा सन्नाटा
मृतक के पिता विनय कुमार सिंह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ने और इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार, परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही हत्या के पीछे के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल इस वारदात के बाद पूरे तकियापर इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदमे में आ गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पिता विनय कुमार सिंह ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है।
दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग किया जाम
हत्या की घटना से आक्रोशित मृतक के परिजन और मोहल्ले वासी सड़क पर उतर आए। तकियापर गांधी मूर्ति के समीप सड़क पर शव रख कर दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घटना में शामिल बदमाशों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।जाम की खबर लगते ही दानापुर थाना से भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम में शामिल लोगों को समझाने की कोशिश की। एक घंटे तक कहासुनी के बाद पुलिस ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया और जाम हटावाया गया।