पटना का अनोखा 'ATM': कैश नहीं 'कटिंग' मिलेगी! इस ATM के अंदर का नजारा देख आप भी रह जाएंगे दंग

पटना के दानापुर में एक एसबीआई एटीएम इन दिनों चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहाँ मशीन हटने के बाद केबिन में सैलून खुल गया है। लोग पैसे निकालने आते हैं और बाल कटवाकर जाते हैं।

SBI ATM cabin converted into a hair salon in Danapur Patna
टना का अनोखा 'ATM': कैश नहीं 'कटिंग' होता है - फोटो : news 4 nation

जरा सोचिए, आप जेब खाली होने पर कैश निकालने के लिए किसी एटीएम (ATM) के अंदर दाखिल हों, लेकिन वहाँ मशीन की जगह कैंची और उस्तरा चलता मिले? यह सुनने में फिल्मी लग रहा होगा, लेकिन राजधानी पटना के दानापुर इलाके में यह बिल्कुल सच है। यहाँ भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एक पुराना एटीएम इन दिनों पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इस केबिन में पैसे निकालने की उम्मीद में घुसते हैं, लेकिन अंदर का नजारा देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पाते।


एटीएम मशीन हटी, पर सेटअप बना सैलून

दरअसल, दानापुर के इस स्थान पर पहले एसबीआई का आधिकारिक एटीएम हुआ करता था, जहाँ से लोग नियमित रूप से लेनदेन करते थे। किन्हीं कारणों से बैंक ने यहाँ से अपनी मशीन हटा ली और एटीएम सेवा बंद कर दी। हालांकि, केबिन का बाहरी ढांचा, शीशे के गेट और एसबीआई की ब्रांडिंग वैसी ही बनी रही। बाद में यह जगह किराए पर दे दी गई और दुकानदार ने बिना बाहरी लुक बदले इसके अंदर अपना हेयर सैलून खोल लिया। अब यहाँ कैश की जगह बालों की स्टाइलिंग की जाती है।


हैरान रह जाते हैं ग्राहक, बन गया सेल्फी पॉइंट

इस 'हेयर कटिंग एटीएम' की लोकप्रियता का आलम यह है कि अनजान लोग आज भी इसे बैंक का वर्किंग एटीएम समझकर अंदर चले आते हैं। जब वे देखते हैं कि जहाँ मशीन होनी चाहिए थी, वहाँ कुर्सी पर बैठकर लोग दाढ़ी बनवा रहे हैं, तो वे भौचक्के रह जाते हैं। सोशल मीडिया पर इस दुकान की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले युवाओं के लिए अब यह एक 'सेल्फी पॉइंट' बन चुका है।


सोशल मीडिया पर 'जुगाड़' की चर्चा

इंटरनेट पर लोग इस अनोखे सैलून को भारतीय 'जुगाड़' का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं। धीरे-धीरे इस दुकान की पहचान अब 'हेयर कटिंग एटीएम' के नाम से ही होने लगी है। जहाँ एक तरफ यह दुकान मालिक के लिए मुफ्त की पब्लिसिटी का जरिया बन गई है, वहीं दूसरी तरफ यह डिजिटल दौर में फिजिकल स्पेस के रोचक इस्तेमाल की एक मजेदार मिसाल पेश कर रही है। लोग मजाक में कह रहे हैं कि यहाँ से भले ही नोट न निकलते हों, लेकिन लोग चमककर बाहर जरूर निकलते हैं।