पटना के फतुहा में नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद: 156 कार्टन कफ सिरप जब्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
पटना के फतुहा में पुलिस और औषधि विभाग ने वेयरहाउस में छापेमारी कर 24,960 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी।
पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस और औषधि विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से एक वेयरहाउस में छापेमारी कर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की भारी खेप जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस अचानक कार्रवाई से नशीली दवाओं का कारोबार करने वाले तस्करों में हड़कंप मच गया है। बरामद की गई कफ सिरप की इस विशाल खेप की बाजार में अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कारगो डिलीवरी के वेयरहाउस में छापेमारी, 2,496 लीटर कफ सिरप जब्त
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि 'कारगो डिलीवरी लिमिटेड' के वेयरहाउस में प्रतिबंधित कफ सिरप रखी गई है। सूचना का त्वरित सत्यापन करने के बाद फतुहा थाना पुलिस और औषधि निरीक्षक की संयुक्त टीम ने गोदाम पर धावा बोला। इस दौरान 156 कार्टन में रखी कुल 24,960 बोतलें (कुल मात्रा 2,496 लीटर) बरामद करने में सफलता मिली।
एनडीपीएस और उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
प्रतिबंधित दवाओं की इस बड़ी बरामदगी को लेकर फतुहा थाने में कांड संख्या 653/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 29 तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(आर) के तहत मामला कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।
तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
इस संयुक्त छापेमारी अभियान में फतुहा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मुस्तैद रहे। हालांकि, पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान में इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि मौके से किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं। फिलहाल पुलिस वेयरहाउस के मालिकों और सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए छापेमारी कर रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना को जल्द दबोचा जा सके।
पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट