फतुहा में ₹2 लाख के विवाद में दुस्साहस: घर में घुसकर परिजनों से मारपीट,पिस्टल की बट से किया हमला,वीडियो वायरल
फतुहा के मुराजपुर में बदमाशों ने घर में घुसकर युवक पर पिस्टल की बट से हमला किया, बीच-बचाव करने आई महिलाओं से अभद्रता की और सोने के आभूषण लूट लिए। भागते समय हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुराजपुर (नियर शिव मंदिर) में बकाया रुपये मांगने को लेकर गंभीर हिंसक वारदात सामने आई है। पीड़ित बीरेंद्र कुमार द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 05 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे हथियारबंद बदमाशों ने उनके घर में घुसकर परिजनों के साथ मारपीट की और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।
दरवाजे पर चढ़कर मारपीट और पिस्टल की बट से हमला
पीड़ित ने बताया कि गांव के ही मुकुलपुर निवासी विशाल कुमार, बिरज कुमार, मिट्ठू कुमार, तोता कुमार और तीन अन्य लोग हथियारों से लैस होकर आए। विशाल कुमार ने दरवाजा खोलते ही पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जबरन खींचने की कोशिश की और मारपीट शुरू कर दी। जब पीड़ित ने विरोध किया, तो विशाल कुमार ने पिस्टल की बट से उसके चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा।
बीच-बचाव करने आई महिलाओं से अभद्रता और गहनों की छिनतई
चीख-पुकार सुनकर जब घर की महिलाएं बचाव के लिए दौड़ीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज व मारपीट की और उन्हें धक्का दे दिया। इस दौरान हमलावरों ने महिला के गले से सोने का जितिया छीन लिया। वहीं, जब पीड़ित बीरेंद्र ने उठकर रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके गले से सोने का बजरंगबली का लॉकेट भी झपट लिया।
हवाई फायरिंग और जान से मारने की धमकी देकर फरार
शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण जुटने लगे, तो आरोपी विशाल कुमार और उसके साथियों ने बीरेंद्र और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद भयभीत है।
₹2 लाख के बकाये विवाद से जुड़ी है घटना, पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित के अनुसार, घटना की मुख्य वजह पुराना आर्थिक लेनदेन है। आरोपी तोता कुमार ने वर्ष 2025 में मकान बनाने के लिए बीरेंद्र से ₹2 लाख की मदद ली थी और 6 महीने में लौटाने का वादा किया था। जब 04 अक्टूबर 2026 को पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अभद्र व्यवहार किया और अगले ही दिन इस हिंसक घटना को अंजाम दिलवाया। पीड़ित ने फतुहा थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पटनासिटी से रजनीश की रिपोर्ट