बिहटा-दनियावां-सरमेरा एसएच-78 पर भीषण हादसा: अनियंत्रित टेम्पो पलटने से चालक ने तोड़ा दम

बिहटा-दनियावां-सरमेरा एसएच-78 पर फतुहा के कुंडली के पास हुए सड़क हादसे में एक टेम्पो चालक की मौत हो गई। तेज मोड़ पर टेम्पो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पानी भरे गड्ढे में पलट गया, जिससे चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Patna fatuha road accident
बिहटा दनियावां सरमेरा एसएच 78 सड़क हादसा - फोटो : news 4 nation

पटना जिले के बिहटा-दनियावां-सरमेरा एसएच-78 पर फतुहा थाना क्षेत्र के कुंडली, कंचनपुर और ऐमनविगहा के समीप गुरुवार को हुए सड़क हादसे में एक टेम्पो चालक की मौत हो गई। तेज मोड़ के पास टेम्पो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे पानी भरे गड्ढे में पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे मसाढ़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।


ननिहाल में रहकर चलाता था टेम्पो

मृतक की पहचान मुन्ना कुमार उर्फ युगल यादव (45 वर्ष), पिता कृष्णा प्रसाद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटना के रामकृष्ण नगर का रहने वाला था, लेकिन अपने ननिहाल मोहिउद्दीनपुर में नानी के घर रहकर टेम्पो चलाकर जीविका चलाता था।


तीखे मोड़ और पानी भरे गड्ढे को बताया कारण

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल पर सड़क का तीखा मोड़ और पुल के नीचे पानी भरा गड्ढा होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।


शोक में डूबे परिजन, बिना पोस्टमार्टम ले गए शव

हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई तथा अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को लेकर घर चले गए।