Patna News: डोमिनोज-मैकडॉनल्ड्स के आउटलेट्स पर बिक रहा था सड़ा-गला जहर, पटना में खाने की थाली में ड्रेनेज की गंदगी और एक्सपायरी सामानों का हुआ खुलासा,देखिए तस्वीर
Patna News: पटना में मशहूर फास्ट फूड ब्रांड डोमिनोज और मैकडॉनल्ड्स के प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। ....
Patna News: पटना में मशहूर फास्ट फूड ब्रांड डोमिनोज और मैकडॉनल्ड्स के प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 17 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान डोमिनोज के दो आउटलेट से करीब 160 खराब पिज्जा स्क्रीन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 32 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं, डोमिनोज और मैकडॉनल्ड्स दोनों को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

डोमिनोज के दो आउटलेट में मिलीं 160 खराब पिज्जा स्क्रीन
खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर अधिकारियों ने कदमकुआं स्थित एम्बिशन ओझा प्लाजा और कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित डोमिनोज आउटलेट का निरीक्षण किया। जांच के दौरान लोहिया नगर आउटलेट में करीब 110 और कदमकुआं आउटलेट में करीब 50 खराब पिज्जा स्क्रीन मिलीं।अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38(4) के तहत इन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है।

निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज सिस्टम, कटिंग बोर्ड और शेल्फ की साफ-सफाई में भी कमियां मिलीं। डीप फ्रीजर के तापमान की निगरानी से संबंधित लॉग बुक और स्टोर में कच्चे माल का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा, पानी जमा होने, ग्राहकों के इस्तेमाल वाली सॉस की बोतलों की समुचित सफाई नहीं होने और कीट नियंत्रण रिपोर्ट में निर्धारित तिथि दर्ज नहीं होने जैसी खामियां भी सामने आईं।
मैकडॉनल्ड्स को भी सुधार नोटिस, मेनू कार्ड में नहीं थी एलर्जी चेतावनी
पटना के ईस्ट गांधी मैदान स्थित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट के निरीक्षण में भंडार गृह की साफ-सफाई संतोषजनक मिली। कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र भी उपलब्ध थे। हालांकि, कचरे का डिब्बा खुला पाया गया और मुख्य दरवाजे पर कीट नियंत्रण के लिए एंटीसेप्टिक डोरमैट नहीं था। सबसे अहम बात यह रही कि सार्वजनिक मेनू कार्ड पर खाद्य पदार्थों से संबंधित एलर्जी की चेतावनी उपलब्ध नहीं थी। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालक को सात दिनों के भीतर स्वच्छता संबंधी कमियां दूर करने और कचरे के डिब्बे को ढककर रखने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान मस्टर्ड सॉस का एक नमूना भी जांच के लिए संग्रहित किया गया।

वेज-नॉनवेज अलग रखने और तापमान का रिकॉर्ड बनाने का निर्देश
डोमिनोज के दोनों आउटलेट को शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ अलग-अलग रखने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने, मेनू कार्ड पर एलर्जी संबंधी चेतावनी प्रदर्शित करने और तापमान लॉग बुक, कच्चे माल के रिकॉर्ड तथा कीट नियंत्रण रिपोर्ट नियमित रूप से संधारित करने को कहा है। प्रतिष्ठानों को कमियां दूर कर निर्धारित अवधि के बाद अनुपालन का प्रमाण संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
14 दिन की मोहलत, नहीं सुधरे तो लाइसेंस पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित या रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करना होगा।स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता, तापमान की निगरानी और कीट नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण में डोमिनोज के दो आउटलेट से खराब पिज्जा स्क्रीन नष्ट कराई गईं, जबकि मैकडॉनल्ड्स में भी स्वच्छता और उपभोक्ता जानकारी से जुड़ी कमियां मिलीं।