Patna PNG Gas Connection: पटना में गैस उपभोक्ताओं के लिए खास ऑफर, जून तक फायदा ही फायदा, जानें पूरी बात

Patna PNG Gas Connection: जून तक नया पीएनजी कनेक्शन लेने पर उपभोक्ताओं को 500 रुपये तक की मुफ्त गैस मिलेगी। गेल इंडिया की इस योजना से एलपीजी संकट के बीच लोगों को राहत मिलेगी।

Patna PNG Gas Connection
पीएनजी कनेक्शन लेने पर फायदा- फोटो : freepik

Patna PNG Gas Connection:  बिहार की राजधानी पटना में रसोई गैस की समस्या के बीच लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। गेल इंडिया ने एक विशेष योजना शुरू की है, जिसके तहत जून तक नया पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को 500 रुपये तक की गैस मुफ्त दी जाएगी।

राजधानी में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण कई उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस बुक कराने के बाद भी लोगों को सिलेंडर मिलने के लिए 8 से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई परिवारों को खाना बनाने के लिए दूसरी व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ रहा है।

गेल इंडिया के अधिकारियों का बयान

ऐसे समय में पीएनजी को एक बेहतर और सुविधाजनक विकल्प माना जा रहा है। पीएनजी में गैस पाइपलाइन के जरिए सीधे घर तक पहुंचती है, इसलिए सिलेंडर खत्म होने या बार-बार बुकिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ती। गैस की आपूर्ति लगातार बनी रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को सुविधा मिलती है। गेल इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, जून तक नया पीएनजी कनेक्शन लेने वाले ग्राहकों को शुरुआती इस्तेमाल के लिए 500 रुपये तक की गैस मुफ्त दी जाएगी। कंपनी का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और बिना रुकावट वाली गैस सेवा से जोड़ना है।

पीएनजी की तरफ रुख कर रहे लोग

एलपीजी की आपूर्ति में लगातार हो रही देरी के कारण अब कई लोग पीएनजी की तरफ रुख कर रहे हैं। खासकर शहरों और अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों के बीच इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि पीएनजी न केवल सुविधाजनक है बल्कि इसे एलपीजी के मुकाबले अधिक सुरक्षित और किफायती भी माना जाता है।

पीएनजी का सबसे बड़ा फायदा क्या है?

पीएनजी का एक बड़ा फायदा यह भी है कि उपभोक्ताओं को जितनी गैस इस्तेमाल होती है, उसी के अनुसार बिल का भुगतान करना होता है। इससे गैस खर्च पर बेहतर नियंत्रण रहता है। गेल इंडिया ने बताया कि शहर में पीएनजी नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है और नए इलाकों को भी इस सेवा से जोड़ा जा रहा है। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन करके इस योजना का लाभ उठाएं। जानकारों का मानना है कि अगर एलपीजी आपूर्ति की समस्या आगे भी बनी रहती है, तो आने वाले महीनों में पीएनजी कनेक्शन की मांग और तेजी से बढ़ सकती है।