Patna Gandhi Maidan: पटना के गांधी मैदान में बवाल! ईस्टर समारोह में हिंसा, कई घायल

Patna Gandhi Maidan: पटना के गांधी मैदान में ईस्टर मिलन समारोह के दौरान अचानक हिंसा हो गई। इस दौरान लोगों ने जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की है, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

Patna Gandhi Maidan
पटना में अचानक भड़की हिंसा!- फोटो : news4nation

Patna Gandhi Maidan: पटना से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान अचानक हिंसा और तोड़फोड़ की घटना हो गई। यह मामला गांधी मैदान थाना क्षेत्र का है, जहां गांधी मैदान में दो दिवसीय ईस्टर मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा था। कार्यक्रम शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन जैसे ही यह खत्म होने लगा, माहौल अचानक बिगड़ गया।

बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक लोग वहां पहुंचे और “जय श्री राम” के नारे लगाते हुए कुर्सियों को तोड़ने लगे। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों के साथ मारपीट भी की। इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। ईस्टर मिलन समारोह के कोऑर्डिनेटर अरुण कुमार संत ने बताया कि करीब एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने अचानक हमला कर दिया और कार्यक्रम में तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि यह हमला बिना किसी चेतावनी के किया गया, जिससे लोग संभल भी नहीं पाए।

थाने में लिखित शिकायत दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए बाउंसर भी लगाए गए थे। जब बाउंसरों ने कुछ लोगों को महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने से रोका, तब स्थिति और बिगड़ गई और यह हिंसा शुरू हो गई। आयोजकों ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे कौन लोग थे और उनकी क्या मंशा थी।

पटना से अनिल की रिपोर्ट