Patna Bike Parking:अब सड़क किनारे नहीं दिखेंगी बेतरतीब बाइकें, पटना के 3 बड़े इलाकों में शुरू होने जा रहा हाईटेक पार्किंग प्रोजेक्ट

Patna Bike Parking: राजधानी पटना में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ी होने वाली बाइकों से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। ...

Patna Gets Smart Bike Parking 288 Two Wheelers to Park Safel
पटना की सड़कों से हटेगा बाइक का बेतरतीब कब्जा- फोटो : social Media

Patna Bike Parking: राजधानी पटना में सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ी होने वाली बाइकों से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और पार्किंग की समस्या को देखते हुए पटना स्मार्ट सिटी ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के तीन सबसे व्यस्त इलाकों में आधुनिक प्री-फैब्रिकेटेड टू-व्हीलर पार्किंग तैयार की जाएगी, जिससे सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।

इस महत्वाकांक्षी योजना का निर्माण कार्य अब शुरू होने जा रहा है। पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों की तकनीकी जांच और मिट्टी की गुणवत्ता (सॉइल टेस्टिंग) पूरी कर ली गई है। जांच में जमीन को निर्माण के लिए पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है। अब बिना किसी बड़ी रुकावट के परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारी है।

पटना में ये हाईटेक बाइक पार्किंग कदमकुआं वेंडिंग जोन के पास, पटना जंक्शन स्थित मल्टीमॉडल हब और मौर्यलोक कॉम्प्लेक्स में बनाई जाएगी। प्रत्येक पार्किंग स्थल पर करीब 96 बाइक खड़ी करने की क्षमता होगी। यानी तीनों जगहों पर कुल मिलाकर लगभग 288 दोपहिया वाहन सुरक्षित तरीके से पार्क किए जा सकेंगे।

इस परियोजना की कुल लागत करीब 4.65 करोड़ रुपये है। इसे बिहार की पहली स्वचालित बाइक पार्किंग व्यवस्था बताया जा रहा है, जो आधुनिक सटल डॉली सिस्टम से लैस होगी। इस तकनीक की मदद से वाहन पार्किंग की प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित होगी।

पिछले महीने इस योजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया था। परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी दिल्ली की एक विशेष एजेंसी को दी गई है। वहीं, पार्किंग के लिए जरूरी कंस्ट्रक्शन ड्राइंग एनआईटी की विशेषज्ञ टीम ने तैयार की है, जिस पर अंतिम मंजूरी भी मिल चुकी है।

पटना स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट को करीब छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नए साल 2027 में राजधानीवासियों को यह हाईटेक पार्किंग व्यवस्था बड़ी सौगात के रूप में मिलने की उम्मीद है।शहर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यह पहल ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। अगर योजना तय समय पर पूरी हुई तो पटना की सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और जाम की समस्या में बड़ी कमी आ सकती है।