Patna Police Action: आंगन अपार्टमेंट चोरी कांड का खुलासा, हथियार और चोरी के सामान के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत आंगन अपार्टमेंट में बंद फ्लैट का ताला काटकर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने देसी पिस्टल, कारतूस और कीमती सामान के साथ गिरफ्तार किया।अन्य सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है,
राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत कांग्रेस मैदान के पास स्थित आंगन अपार्टमेंट में बेखौफ चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अपार्टमेंट के तीन बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी का प्रयास किया और एक फ्लैट से लाखों रुपये मूल्य के गहने तथा कीमती घड़ियां चुराकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद से ही पुलिस गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी हुई थी।
तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी से हत्थे चढ़े आरोपी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और तकनीकी अनुसंधान की मदद से अपराधियों की पहचान स्थापित की। जांच के दौरान मिली ठोस जानकारियों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
देसी पिस्टल और कारतूस के साथ धराया मुख्य आरोपी
टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार और शिव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सबसे पहले शिव कुमार को पकड़ा, जिससे पूछताछ के बाद नंद नगर कॉलोनी निवासी राहुल कुमार को राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान राहुल के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन में दो जिंदा कारतूस और चोरी की एक कीमती घड़ी बरामद हुई।
अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इस मामले को लेकर कदमकुआं थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों और चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है, और इस वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट